Sasaram child death News : (मनोज कुमार उपाध्याय) रोहतास जिले के डेहरी शहर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां मंगलवार को हाईडल नहर से एक 11 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पटनवा खुर्द गांव निवासी शशि कुमार के पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, अजीत सोमवार सुबह करीब 11 बजे से लापता था, जिसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. नहर के पास देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.
सोमवार से लापता था अजीत
स्थानीय लोगों के अनुसार अजीत कुमार सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका. मंगलवार को जब नहर में एक शव मिलने की सूचना फैली, तब परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की. शव देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया.
Sasaram News : नहर में गिरने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर कयास लगाया जा रहा है कि अजीत शौच के लिए नहर की ओर गया होगा और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में गिर गया. हालांकि, घटना के सही कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही इंद्रपुरी थानाध्यक्ष के साथ नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक मासूम की इस तरह मौत से परिवार ही नहीं, गांव के लोग भी सदमे में हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.
