बिहार सरकार की पहल के तहत सदर अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में रोहतास के सदर अस्पताल में भी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई है. सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से 70 से अधिक प्रकार की सर्जरी तथा अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधा शुरू करने का निर्देश दिया गया है. इसके लागू होने के बाद जिले के मरीजों को कई जटिल ऑपरेशन के लिए बाहर के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर, निःशुल्क एवं किफायती इलाज उपलब्ध हो सकेगा.
स्वास्थ्य विभाग जिला अस्पतालों और सदर अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित कर रहा है. इसी क्रम में सदर अस्पताल सासाराम में जनरल ओपीडी, मातृ-शिशु इकाई और मॉडल अस्पताल के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तथा नए ड्यूटी रोस्टर की व्यवस्था भी लागू की जा रही है. साथ ही प्रसव एवं सामान्य सर्जरी, विशेषकर सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा को और सुदृढ़ किया जाएगा. जिससे गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी.
सदर अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि सर्जरी विभाग को ओपीडी से व्यवस्थित रूप से जोड़ा जाएगा. जिससे सर्जरी संबंधी मरीजों, खासकर सिजेरियन के लिए आने वाली महिलाओं को अधिक सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और नई व्यवस्था के शुरू होने से अस्पताल में इलाज की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेगी. सरकार की इस पहल से रोहतास जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
