Rohtas Essay Competition 2026 : स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के उपलक्ष्य में रोहतास जिले के करीब 400 स्कूलों में बुधवार को निबंध लेखन, पेंटिंग और ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विकसित भारत-2047, संविधान और भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
Rohtas News : AI की भूमिका पर लिखे निबंध
राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देश तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में "2047 तक विकसित भारत के निर्माण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई) की भूमिका" विषय पर निबंध लेखन कराया गया.
पेंटिंग और ऑनलाइन क्विज में भी दिखा उत्साह
कार्यक्रम के तहत "भारत : 1947 से भारत : 2047" विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. वहीं भारतीय संविधान के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, प्रमुख अनुच्छेद, संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका, आधुनिक भारत की उपलब्धियां, अंतरिक्ष और नाभिकीय प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता कराई गई.
सभी प्रतिभागियों को मिला ऑनलाइन प्रमाणपत्र
विभागीय जानकारी के अनुसार ऑनलाइन क्विज में शामिल सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया.
विकसित भारत-2047 की सोच को बढ़ावा
शिक्षा विभाग के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विकसित भारत-2047 की अवधारणा, संविधान के प्रति जागरूकता, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं के योगदान तथा भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों के प्रति समझ विकसित करना है.
