SASARAM NEWS(प्रमोद कुमार श्रीवास्तव): रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. शहर में उत्पन्न इस गंभीर जल संकट को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात की. भाजपा नेताओं ने शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों की बुनियादी समस्याओं को नगर आयुक्त के सामने बेहद पुरजोर तरीके से उठाया और चेताया कि यदि जल्द ही जलापूर्ति दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा.
शहर के इन प्रमुख मोहल्लों में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं लोग
भाजपा नगर अध्यक्ष सह सासाराम विधायक प्रतिनिधि संदीप कुमार सोनी और भाजपा नगर महामंत्री कपिल देव चौधरी ने नगर आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में शहर के उन संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया जहाँ पेयजल की स्थिति बेहद भयावह हो चुकी है. नेताओं ने कहा कि जानी बाजार, काजीपुरा, इमामबाड़ा और नवरत्न बाजार सहित कई घनी आबादी वाले मोहल्लों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है. आरोप लगाया गया कि संबंधित विभागीय ठेकेदारों की घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी में आम जनता को बूंद-बूंद पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के समक्ष रखीं ये 4 मुख्य मांगें
भाजपा नेताओं ने जनहित से जुड़ी समस्याओं को क्रमवार तरीके से नगर आयुक्त के सामने रखा और त्वरित एक्शन की मांग की. शहर के विभिन्न वार्डों में महीनों से बंद और खराब पड़े चापाकलों की अविलंब मरम्मत कराई जाए. पानी की अत्यधिक किल्लत वाले चिन्हित सार्वजनिक स्थानों और बस्तियों में तुरंत नए समरसेबल पंप लगाए जाएं. फेज-3 के तहत चलाए जा रहे हर घर नल-जल योजना के कार्य में तेजी लाकर इसे हर परिवार तक पहुंचाया जाए. साथ ही, वुडको द्वारा बिछाई जा रही बड़ी पाइपलाइन का विस्तार सभी छूटे हुए मोहल्लों तक किया जाए. साथ ही जलापूर्ति के साथ-साथ प्रतिनिधिमंडल ने बस्ती मोड़ से लेकर सागर मोहल्ले तक जर्जर हो चुकी सड़क के नए सिरे से निर्माण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई.
नगर आयुक्त ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की बातों और जनसमस्याओं को नगर आयुक्त ने बेहद गंभीरता से सुना. उन्होंने भाजपा नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत को दूर करना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देश दिया कि वे तुरंत युद्धस्तर पर काम शुरू कर खराब चापाकलों को ठीक कराएं और जहाँ पाइपलाइन की समस्या है, उसे अविलंब दुरुस्त करें. नगर आयुक्त के इस सकारात्मक और जल्द समाधान के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल शांत हुआ.
Also Read: बक्सर में रोजगार और विकास की नई पहल , JK सीमेंट फैक्ट्री ने बदली इस गांव की पहचान
