रोहतास जिले के संझौली अंचल क्षेत्र के बाजितपुर गांव में घरों से निकलने वाले नाली के गंदे पानी को रास्ते पर बहाने को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर गंदा पानी बहाये जाने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है. इसको लेकर गांव में कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है.
मंदिर जाने वाले रास्ते पर बह रहा गंदा पानी
ग्रामीणों के अनुसार, संझौली-बाजितपुर मुख्य सड़क से धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा घरों का गंदा पानी बहाया जा रहा है. इस धार्मिक स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण, बजरंगबली, ब्रह्मस्थान समेत कई देवी-देवताओं के मंदिर हैं. यहां सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है.
सावन में बढ़ जाती है श्रद्धालुओं की भीड़
ग्रामीणों ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है. ऐसे में रास्ते पर नाली का गंदा पानी जमा रहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. श्रद्धालुओं ने इस समस्या को लेकर नाराजगी जतायी है.
गंदे पानी को लेकर कई बार हो चुका विवाद
रास्ते पर नाली का पानी बहाने को लेकर ग्रामीणों और संबंधित लोगों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है. ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन पहले विवाद बढ़ने की स्थिति बन गयी थी. सूचना मिलने पर 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि दो दिन पूर्व तनाव की सूचना मिलने पर 112 पुलिस को मौके पर भेजा गया था. पुलिस ने स्थिति को शांत कराया. उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. श्रद्धालुओं की ओर से थाने में आवेदन मिलने पर रास्ते पर नाली का गंदा पानी बहाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
