रोहतास में NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े टैंकर से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

Rohtas Road Accident: रोहतास के चेनारी थाना क्षेत्र में NH-19 पर खड़े पानी के टैंकर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ट्रक चालक रतन यादव की मौके पर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

रोहतास जिले से संदेश जायसवाल की रिपोर्ट
Rohtas Road Accident: रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के खुरमाबाद गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब कैमूर जिले की कुदरा की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक और उक्त गांव के समीप सड़क के किनारे खड़े पानी के टैंकर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. मृतक ट्रक चालक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के मोरवा गांव निवासी हरिहर सिंह के 50 वर्षीय पुत्र रतन यादव के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से मृतक चालक के परिजनों में पूरी तरह कोहराम मच गया है.

केबिन में बुरी तरह फंस गया था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण और भयावह थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया और चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया. हादसे के बाद आधी रात को ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल इसकी सूचना चेनारी थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की आपातकालीन टीम को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एनएचएआई की टीम और एम्बुलेंस मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया.

कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया शव

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची. पुलिस और बचाव दल ने कटर व अन्य उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत करने के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अत्यधिक चोट और दम घुटने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल सासाराम भेज दिया है.

सड़क से वाहन हटाकर बहाल कराया आवागमन

इस भीषण हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर जाम की स्थिति बनने लगी थी. बाद में चेनारी थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की मदद से क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को मुख्य सड़क से हटवाया गया और एनएच पर आवागमन को दोबारा पूरी तरह सामान्य कराया गया. चेनारी थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही को ही इस हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.

Also Read: रोहतास में बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवक को पिकअप ने मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट लगने से मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >