रोहतास में जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोग, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

Rohtas News: रोहतास जिले के कोचस में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास स्टेट हाईवे-17 के सर्विस रोड पर नाली क्षतिग्रस्त होने से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई है.

Rohtas News:(रमेश कुमार पाण्डेय) रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्टेट हाईवे-17 के सर्विस रोड पर नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदे पानी का बहाव जारी है. इसके चलते पूरे इलाके में कीचड़, गंदगी, बदबू और जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊपरी पुल निर्माण के दौरान सर्विस रोड के किनारे लाखों रुपये की लागत से नाली निर्माण कराया गया था, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होने के कारण नालियां समय से पहले ही टूटकर क्षतिग्रस्त हो गईं. इससे जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.

पैदल यात्रियों को हो रही परेशानी

जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, गंदा पानी सड़क पर फैलने से आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है

सफाई व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बरसात से पहले नगर प्रशासन द्वारा नालियों की नियमित सफाई और उड़ाही नहीं कराई गई, जिसके कारण कूड़े-कचरे का जमाव बढ़ गया है. इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है और नालियां तेजी से क्षतिग्रस्त होती जा रही हैं.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में नगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में नाली और सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, बावजूद इसके कई वार्डों में जलजमाव की समस्या बनी हुई है.

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है. नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है.

अधिकारियों का बयान

इस मामले पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने अनभिज्ञता जताई है, जबकि सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति आर्या ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

Also Read:कैमूर में दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, आधार कार्ड से हुई पहचान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >