Rohtas News: एसपी जैन कॉलेज मैदान में एथलेटिक्स मुकाबलों का हुआ समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Rohtas News: रोहतास जिले में तीन दिवसीय जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ. इसमें जिले भर के स्कूलों और खेल संस्थानों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

Rohtas News(मो. आरिफ खान): रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में शहर के एसपी जैन महाविद्यालय मैदान में तीन दिनों से चल रही जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हो गयी. प्रतियोगिता में जिले भर के स्कूलों और खेल संस्थानों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. पूरे प्रतियोगिता में द डीपीएस बिक्रमगंज ने 83 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया. वहीं 76 अंकों के साथ उच्च विद्यालय कोचस उपविजेता रहा, जबकि उच्च विद्यालय सेमरी शिवसागर को तीसरा स्थान मिला.

द डीपीएस बिक्रमगंज की टीम चैंपियन

रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विनय कृष्ण ने बताया कि प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में अलग-अलग टीमों ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. बालक अंडर-12 एवं बालिका अंडर-12 वर्ग में द डीपीएस बिक्रमगंज की टीम चैंपियन रही. बालक अंडर-14 वर्ग में विनायदा अकैडमी बिक्रमगंज तथा बालिका वर्ग में संत अन्ना विद्यालय सासाराम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया.

अंडर-18 वर्ग में बुद्ध मिशन स्कूल सासाराम चैंपियन

उन्होंने बताया कि बालक अंडर-16 वर्ग में एक बार फिर डीपीएस बिक्रमगंज ने अपना दबदबा कायम रखा, जबकि बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय कोचस की टीम चैंपियन बनी. बालक अंडर-18 वर्ग में बुद्ध मिशन स्कूल सासाराम ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय कोचस ने बाजी मारी. बालक अंडर-20 वर्ग में स्पोर्ट्स क्लब सासाराम की टीम चैंपियन रही तथा बालिका वर्ग में उच्च विद्यालय सेमरी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता. पुरुष वर्ग में भी स्पोर्ट्स क्लब सासाराम ने कप पर कब्जा जमाया.

तकनीकी पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न

समापन समारोह में रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. साथ ही प्रतियोगिता में योगदान देने वाले तकनीकी पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया. खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और संघ की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा.

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह एवं पूर्व वरीय राष्ट्रीय खिलाड़ी जितेंद्र नारायण सिंह उपस्थित रहे. दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया.

कई लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर शांति प्रसाद जैन महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष राकेश चौहान, फाइन आर्ट विभागाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह, श्वेता सिंह मुखिया, राजू सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. प्रतियोगिता की देखरेख के लिए बिहार एथलेटिक्स संघ द्वारा औरंगाबाद जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राकेश कुमार राय को प्रतिनियुक्त किया गया था, जिन्हें भी समारोह में सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के सदस्य कुश कुमार त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार, अंतिम राज, राणा प्रताप सिंह, उपेंद्र कुमार यादव, उपेंद्र कुमार, हरेंद्र कुमार, प्रियंका कुमारी एवं नैंसी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा.

Also Read: 20 मई को देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे दवा दुकानदार,आरा में भी असर रहेगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >