रोहतास के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो में लहराया परचम, जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

sasaram News : पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. ताइक्वांडो संघ द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके कोच को सम्मानित किया गया.

sasaram News : (मो. आरिफ खान की रिपोर्ट)

रोहतास जिले के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है. पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. प्रतियोगिता से लौटने के बाद रोहतास जिला ताइक्वांडो संघ द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके कोच को सम्मानित किया गया.

रोहतास जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 31 मई से 2 जून तक मोतिहारी में किया गया था. प्रतियोगिता में रोहतास के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए.

बालक वर्ग में दिखाया दमखम

बालक वर्ग के 29 किलोग्राम भार वर्ग में मोहम्मद यावर ने रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया. वहीं 32 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतीक प्रकाश ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

बालिका वर्ग ने दिलाए तीन स्वर्ण पदक

बालिका वर्ग में रोहतास की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए. 44 किलोग्राम भार वर्ग में संजना कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता. 42 किलोग्राम भार वर्ग में सुप्रिया कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 44 किलोग्राम भार वर्ग में ही श्रेया कुमारी ने भी स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया. वहीं 46 किलोग्राम भार वर्ग में गीतांजलि कुमारी ने कांस्य पदक प्राप्त किया.

सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ाया गया उत्साह

प्रतियोगिता से लौटने के बाद रोहतास जिला ताइक्वांडो संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ी आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे.

कोच रितेश कुमार को भी मिला सम्मान

खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोच रितेश कुमार को भी संघ की ओर से सम्मानित किया गया. अध्यक्ष नरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि कोच के समर्पण, मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सके हैं. उन्होंने प्रशिक्षकों की भूमिका को खिलाड़ियों के विकास की आधारशिला बताया.

इस अवसर पर संघ के सचिव धनंजय कुमार, राहुल कुमार, अरविंद कुमार, माधव कुमार मिश्रा, निखिल कुमार, अमित कुमार, सुजीत कुमार मिश्रा, अमित कुमार सिंह, संदीप कुमार, नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की.

Also Read : रोहतास में सहयोग शिविर का आयोजन, 85 आवेदनों का हुआ ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन; आवास योजना के आए सबसे अधिक मामले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >