रोहतास में आधी रात को महा-एक्शन: बबन बरेहटा टोला से 3 मासूम बच्चियां मुक्त, 3 महिलाएं गिरफ्तार; बच्चा चोर गिरोह का शक

Rohtas Child Rescue News: करगहर के बबन बरेहटा टोला में रोहतास एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर बड़ी छापेमारी. 3 वर्ष, 2 वर्ष और डेढ़ वर्ष की तीन बच्चियां बरामद. महिला थाना डेहरी की टीम ने 3 महिलाओं को दबोचा. पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट.

Rohtas Child Rescue News(रजनीकांत पांडेय): रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पुलिस ने रविवार की देर रात बबन बरेहटा टोला में एक गुप्त सूचना के आधार पर अब तक के सबसे बड़े रेस्क्यू ऑपरेशनों में से एक को अंजाम दिया है. पुलिस की विशेष टीम ने आधी रात को छापेमारी कर एक घर से तीन मासूम बच्चियों को सकुशल मुक्त कराया है. इसके साथ ही मौके से तीन संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इलाके में मानव तस्करी और बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका गहरा गई है.

एसपी रौशन कुमार के इनपुट पर आधी रात को गूंजा पुलिस का सायरन

इस बड़ी कामयाबी और सनसनीखेज मामले की पुष्टि खुद रोहतास एसपी रौशन कुमार ने की है. उन्होंने बताया कि जिला पुलिस को एक बेहद पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि करगहर के बबन बरेहटा टोला में तीन अज्ञात और बेहद छोटी बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में छुपाकर रखा गया है. सूचना के तुरंत सत्यापन के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना डेहरी की थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक हाई-लेवल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इस टीम ने रविवार की देर रात टारगेटेड घर की चारों तरफ से घेराबंदी की और अचानक धावा बोल दिया. पुलिस की इस त्वरित दबिश के कारण घर में मौजूद आरोपियों को भागने का मौका तक नहीं मिला और तीन महिलाओं को ऑन-स्पॉट हिरासत में ले लिया गया.

डेढ़ से तीन साल की हैं मासूम बच्चियां, सासाराम चाइल्ड केयर सेंटर में कराया गया शिफ्ट

पुलिस ने जब घर के अंदर सघन तलाशी ली, तो वहां से तीन बेहद छोटी बच्चियों को रोते-बिलखते हुए बरामद किया गया. बरामद की गई बच्चियों की उम्र क्रमशः लगभग तीन वर्ष, दो वर्ष तथा महज डेढ़ वर्ष बताई जा रही है. इतनी छोटी बच्चियों को इस तरह बंधक बनाकर रखने के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है.

एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मुक्त कराई गई सभी बच्चियों को कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित सासाराम स्थित ‘चाइल्ड केयर सेंटर’ को सुपुर्द कर दिया गया है. वहां डॉक्टरों की देखरेख में मासूमों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है और उनकी विशेष देखभाल का इंतजाम किया गया है.

पिछली कड़ियों को खंगालने में जुटी पुलिस, अन्य संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

इधर, गिरफ्तार की गई तीनों महिलाओं को करगहर थाने लाकर बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में महिलाओं ने कई चौंकाने वाले सुराग दिए हैं, जिसके आधार पर पुलिस की दो अलग-अलग टीमें अन्य संभावित ठिकानों और गिरोह के मुख्य सरगनाओं को दबोचने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं.

पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी कानूनी और आपराधिक पहलुओं की बेहद बारीकी से वैज्ञानिक जांच की जा रही है. इन बच्चियों को कहां से चुराया गया था, इनके असली माता-पिता कौन हैं और इनकी पहचान से संबंधित हर रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में बहुत जल्द एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश होगा. इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे बरेहटा टोला इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं आम हैं.

Also Read: नालंदा में खूनी भिड़ंत, खेत में ट्रैक्टर लगाने के विवाद में एक ही परिवार के 8 लोग घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >