Rohtas News : सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को भभुआ-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर आने की सूचना प्रसारित नहीं होने को लेकर शिकायत दर्ज करायी गयी है. शिकायतकर्ता सरयू प्रसाद का आरोप है कि प्रसारण नहीं होने के कारण उनकी बेटी वर्षा कुमारी, जिनका एसी कोच का कन्फर्म टिकट था, उन्हें मजबूरी में जनरल कोच से पटना भेजना पड़ा. मामले को लेकर उन्होंने रेलवे स्टेशन पर शिकायत दर्ज करायी है.
AC कोच का कन्फर्म टिकट, लेकिन जनरल में बैठाना पड़ा
सरयू प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी वर्षा कुमारी का सासाराम से पटना तक भभुआ-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में एसी कोच का टिकट कन्फर्म था. ट्रेन पकड़ने के लिए वह अपनी बेटी के साथ सासाराम स्टेशन पहुंचे थे. इसी दौरान ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आगमन को लेकर उन्हें कोई स्पष्ट प्रसारण सुनाई नहीं दिया.
ट्रेन आयी तो कोच की जानकारी नहीं मिल सकी
शिकायतकर्ता के अनुसार, गाड़ी संख्या 13250 प्लेटफॉर्म पर आ गयी, लेकिन प्रसारण नहीं होने के कारण यह पता नहीं चल सका कि एसी कोच किस स्थान पर है. ट्रेन के अचानक आने के बाद अफरातफरी की स्थिति बन गयी. आनन-फानन में उन्हें अपनी बेटी को जनरल कोच में बैठाकर पटना भेजना पड़ा.
रेलवे ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की
घटना के बाद सरयू प्रसाद ने स्टेशन पर लिखित शिकायत दर्ज करायी. शिकायत की पावती भी उन्हें दी गयी. उन्होंने रेल कर्मियों की लापरवाही को लेकर कार्रवाई की मांग की है.
स्टेशन प्रबंधक बोले- आरोप गलत, दोनों माध्यम से हुआ था प्रसारण
सासाराम स्टेशन प्रबंधक प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से शिकायत दर्ज करायी गयी है. हालांकि उन्होंने शिकायत को गलत बताया. स्टेशन प्रबंधक के अनुसार ट्रेन के आगमन की सूचना डिजिटल और मैनुअल दोनों माध्यमों से प्रसारित करायी गयी थी. फिर भी मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
