नासरीगंज में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

Sasaram News : रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. कृष्णभावनामृत के बैनर तले निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा.

Sasaram News : रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई. कृष्णभावनामृत के बैनर तले वेणु कृष्ण दास के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, ढोल-मांदर और 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा.

बरडीहां मोड़ से शुरू होकर दाउदनगर की ओर बढ़ी यात्रा

रथ यात्रा बरडीहां मोड़ से शुरू होकर यादव टोला, माली टोला, चरणपुरी, महावीर मंदिर, मंगल बाजार, थाना मोड़, हरिहरगंज और नासरीगंज-दाउदनगर सोन पुल होते हुए दाउदनगर की ओर रवाना हुई. मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और भगवान जगन्नाथ की आराधना की.

सजे-धजे रथ पर विराजमान थे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा

आकर्षक ढंग से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को विराजमान कर यात्रा की शुरुआत की गई. श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी पकड़कर रथ खींचा और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया. यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की.

महिलाओं, युवाओं और बच्चों की रही सक्रिय भागीदारी

रथ यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.

16 से 24 जुलाई तक चलेगा यात्रा कार्यक्रम

आयोजक मंडली के सदस्यों ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की यह यात्रा 16 जुलाई से 24 जुलाई तक आयोजित की जा रही है. यात्रा की शुरुआत गढ़ नोखा से हुई थी, जो बिक्रमगंज, काराकाट, गोडारी और नासरीगंज होते हुए दाउदनगर तथा औरंगाबाद में संपन्न होगी.

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

रथ यात्रा के दौरान पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह, सुभाष यादव, टुनटुन सिंह, राजेंद्र सिंह, महेश सिंह, उमेश सिंह, कैलाश सिंह यादव, पप्पू सिंह यादव, विनोद प्रसाद गुप्ता, चंद्रकांत कुमार मुन्ना, प्रमोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और आयोजक मंडली के सदस्य उपस्थित रहे.

Also Read : नवादा में कुर्की-जब्ती करने पहुंची पुलिस के सामने नशे में पहुंचा फरार वारंटी, गिरफ्तार



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >