नासरीगंज में बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत, बारात से लौट रहे पुरोहित की मौत

थाना क्षेत्र के डेहरी-बिक्रमगंज मुख्य पथ पर इटिमहां गांव के समीप सोमवार की सुबह बारातियों से भरी बस और खाली ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी

रफ्तार की मार.

औरंगाबाद के मौरई गांव से भोजपर लौट रही थी बरातियों से भरी बस

डेहरी-बिक्रमगंज पथ पर हादसा, ट्रक और बस के चालक व खलासी सहित तीन घायल

टक्कर के बाद बस की छत से गिरे पुरोहित ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

सड़क पर घंटों बाधित रहा परिचालन, पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर शुरू की कार्रवाई

फोटो-19-घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व लोग.

प्रतिनिधि, नासरीगंज

थाना क्षेत्र के डेहरी-बिक्रमगंज मुख्य पथ पर इटिमहां गांव के समीप सोमवार की सुबह बारातियों से भरी बस और खाली ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. जिसमें बस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि ट्रक चालक व खलासी सहित बस में बैठे हुए कई लोग घायल हो गये. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों व सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल सह पीएचसी भेजा, जहां से चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद सभी को एनएमसीएच जमुहार रेफर कर दिया. इलाज के क्रम में बस में बैठे हुए जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उनकी पहचान भोजपुर जिला के तियर थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव निवासी 45 वर्षीय रामेश्वर मिश्रा के रूप में की गयी है. मृतक पुरोहित थे और बस की छत पर बैठे थे, जिसके कारण दोनों वाहनों के बीच टक्कर होने के दौरान वे नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे. अन्य घायलों में बस चालक जगदीशपुर निवासी अरुण यादव, ट्रक चालक संत कबीर नगर (यूपी) निवासी चंद्र प्रकाश व खलासी गोरखपुर निवासी भोला कुमार शामिल हैं. ट्रक चालक व खलासी के पैर टूट गए हैं, हालांकि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

तेज रफ्तार के कारण बिगड़ा संतुलन

घटना के विषय में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भोजपुर जिले के जगदीशपुर से बारात औरंगाबाद जिले के मौरई गांव रविवार को गयी थी, जो सोमवार को लौट रही थी. बस और ट्रक दोनों वाहन काफी तेजी में थे. इस दौरान संतुलन गड़बड़ाया और सामने से जोरदार टक्कर हो गयी. उक्त घटना के बाद सड़क पर घंटों यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी. बस पर बैठे अन्य बारातियों को भी हल्की चोटें आईं, जो अन्य वाहनों से गंतव्य को लौटे.

पुलिस ने वाहनों को किया जब्त

घटनास्थल पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पीटीसी अश्वनी कुमार समेत अन्य ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात चालू कराया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. सड़क खाली करा ली गयी है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर सावधानी बरतें और तेज रफ्तार से बचें, ताकि हादसों को रोका जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >