Sasaram News : रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) एवं मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) ने शहर के पोस्ट ऑफिस चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था.
वाहनों के दस्तावेजों की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. अधिकारियों ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी), बीमा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की.
हेलमेट और सीट बेल्ट पर रहा विशेष जोर
जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों और सवारियों के सीट बेल्ट के उपयोग की विशेष रूप से जांच की गई. अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का अभियान लगातार चलाया जा रहा है.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हुई कार्रवाई
जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए अथवा जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते मिले, उन्हें नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई. साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई.
यातायात नियमों के पालन की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. साथ ही सभी यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
Also Read : बिलौटी एनकाउंटर की न्यायिक जांच में तीसरे दिन दर्ज हुए बयान, मृतक के भाई ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी
