पकरीबरावां. थाना क्षेत्र के कबला गांव में रविवार को मछली मारने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दिये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना कबला आहर की है, जहां 32 वर्षीय युवक का शव कीचड़ में फेंका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत और सनसनी फैल गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान बुधौली गांव के कोइरियाबिगहा टोला निवासी कृष्णा चौरसिया के 32 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि रविवार की सुबह करीब 10 बजे जितेंद्र कुमार घर से मछली मारने के लिए कबला आहर की ओर गया था. इसी दौरान वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आशंका जतायी जा रही है कि मछली मारने को लेकर हुए इसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गयी. घटना के बाद आरोपितों ने शव को आहर के कीचड़ में फेंक दिया. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर कीचड़ में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. दोपहर करीब एक बजे घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने कीचड़ में पड़े शव को बाहर निकलवाया. शव के नाक से खून निकल रहा था, जिससे आशंका जतायी जा रही है कि युवक के साथ मारपीट की गयी थी. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किये और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया. मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था युवक मृतक जितेंद्र कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था. जितेंद्र के दो छोटे पुत्र हैं, जिनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश की जिम्मेदारी भी उसी पर थी. अचानक हुई उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. माता-पिता, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की बावत परिजन ने दिया आवेदन घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार भास्कर भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किन लोगों के साथ हुआ था. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मछली मारने के विवाद में युवक की हत्या, आहर के कीचड़ से शव बरामद
दुस्साहस. सुबह मछली मारने के लिए घर से निकला था युवक
