कोचस. थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित बस पड़ाव के सामने ओवरब्रिज के नीचे होटल आशीर्वाद मैरेज हॉल में गुरुवार की दोपहर पुलिस ने छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में मैरेज हॉल के अलग-अलग कमरों से संचालक समेत नौ युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है. पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
दो घंटे तक चला छापेमारी अभियान
छापेमारी सदर एसडीपीओ टू संजीव कुमार के नेतृत्व में की गयी. पुलिस टीम ने करीब दो घंटे तक मैरेज हॉल के विभिन्न कमरों और परिसर की सघन तलाशी ली.
इस दौरान पुलिस को कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की जानकारी सामने आयी है. हालांकि, पुलिस ने बरामद सामान के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
महिला पुलिस और जवान भी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान सदर एसडीपीओ टू संजीव कुमार के अलावा अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार, परसथुआं थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल समेत बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी और जवान मौजूद रहे.
पुलिस टीम ने मैरेज हॉल के कमरों की जांच करने के साथ वहां मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ शुरू की. पुलिस की कार्रवाई के बाद आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गयी.
कई शादीशुदा लोग भी शामिल
सदर एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गये संचालक समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों में कई शादीशुदा लोग भी शामिल हैं. सभी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के बाद मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. समाचार लिखे जाने तक युवक-युवतियों से पूछताछ जारी थी.
पहले भी पास के रेस्टोरेंट में हुई थी छापेमारी
गौरतलब है कि करीब पखवाड़े भर पहले घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट में भी पुलिस ने छापेमारी की थी. उस दौरान पुलिस ने मौके से दो बाइक जब्त की थीं.
हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही रेस्टोरेंट संचालक समेत अन्य युवक-युवतियां मौके से भागने में सफल हो गये थे. इसके बाद अब मैरेज हॉल में हुई कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ने की बात सामने आ रही है.
पूछताछ के बाद स्पष्ट होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पकड़े गये लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच के दौरान मैरेज हॉल में गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जानकारी जुटायी जा रही है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
