Sasaram News : पटेल सेवा संघ रोहतास की ओर से छात्रों, युवाओं और आम लोगों के लिए पटेल सेवा आश्रम, तकिया स्थित कार्यालय परिसर में निःशुल्क पटेल पुस्तकालय की स्थापना की गयी है. पुस्तकालय का उद्देश्य समाज में शिक्षा, अध्ययन और ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ छात्रों एवं आम लोगों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है.
15 अगस्त को होगा पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन
संघ के सचिव डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह करेंगे. उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में छात्रों के अध्ययन के साथ आम लोगों के लिए भी उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध करायी गयी हैं.
Also Read : नोखा में 500 से अधिक बाइक के साथ निकली तिरंगा रैली, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
महापुरुषों की जीवनी से लेकर शैक्षणिक पुस्तकें उपलब्ध
पुस्तकालय में महापुरुषों की जीवनी से संबंधित विभिन्न पुस्तकें, धार्मिक पुस्तकें तथा छात्र-छात्राओं के लिए डिग्री, प्रतिष्ठा एवं अन्य शैक्षणिक स्तर की पुस्तकें रखी गयी हैं. इसके साथ ही पाठकों के लिए वाचनालय की भी व्यवस्था की गयी है. इससे छात्र और पुस्तक प्रेमी शांत वातावरण में बैठकर अध्ययन कर सकेंगे.
दैनिक समाचार पत्र भी मिलेगा
डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पुस्तकालय में दैनिक समाचार पत्र भी प्रतिदिन उपलब्ध रहेगा. इसके माध्यम से पाठक देश-दुनिया के साथ स्थानीय स्तर की प्रमुख घटनाओं से भी अवगत हो सकेंगे. पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले लोगों को एक बेहतर और उपयोगी वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है.
Also Read : नोखा में बस-बाइक की भीषण टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल
पुस्तकालय को और समृद्ध करने की योजना
संघ की ओर से आने वाले समय में पुस्तकालय को और समृद्ध करने की योजना बनायी गयी है. इसके तहत धार्मिक, सामाजिक और महापुरुषों की जीवनी से संबंधित नई पुस्तकों की खरीद की जाएगी. इससे पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री का दायरा और बढ़ेगा तथा छात्रों एवं आम लोगों को अधिक से अधिक पुस्तकों का लाभ मिल सकेगा.
पुस्तकालय की स्थापना में इनका रहा योगदान
पुस्तकालय की स्थापना और व्यवस्था को सफल बनाने में कार्यकारिणी अध्यक्ष राजवंश राय, सचिव डॉ. सतीश कुमार सिंह, प्रो. रामपरशन सिंह, रासबिहारी सिंह, प्रमोद सिंह, मैनेजर संजय राय रीवां, संजय सिंह डुमरा च और संध्या देवी डुमरा का विशेष योगदान रहा. संघ के सदस्यों ने बताया कि पुस्तकालय के माध्यम से समाज में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read : नोखा में 500 से अधिक बाइक के साथ निकली तिरंगा रैली, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
