नल जल के अनुरक्षक से 10 हजार घूस लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार

निगरानी की टीम की करगहर में कार्रवाई, डीएसपी अनुप्रिया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, सत्यापन के बाद बिछाया गया था जाल

करगहर.

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को करगहर प्रखंड के पंचायत सचिव ऋतु रंजन पांडेय को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपित सचिव को अपने साथ पटना ले गयी है. आरोपित पंचायत सचिव मूल रूप से पटना जिले के धनरूआं (थाना नदवां, प्रखंड नयी हवेली) निवासी जगदीश पांडेय का पुत्र है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित ऋतु रंजन पांडेय के पास प्रखंड की दो पंचायतों, ठोरसन और रीवां का प्रभार था. वह ठोरसन पंचायत के वार्ड 12 में नल जल योजना के अनुरक्षक धर्मेंद्र पटेल से उनका मानदेय भुगतान करने के एवज में 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था. सचिव के दबाव और टालमटोल से परेशान होकर धर्मेंद्र पटेल ने पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी शिकायत दर्ज करायी.

सत्यापन के बाद बिछाया गया जालइस कार्रवाई के संबंध में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की डीएसपी अनुप्रिया ने बताया कि धर्मेंद्र पटेल की शिकायत के बाद विभाग ने सबसे पहले मामले का गुपचुप तरीके से सत्यापन (वेरिफिकेशन) कराया. जांच में घूस मांगे जाने की बात सच साबित हुई. इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया गया. तय योजना के मुताबिक, गुरुवार को जैसे ही पंचायत सचिव ने धर्मेंद्र पटेल से 10 हजार रुपये की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उसे दबोच लिया. डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार पंचायत सचिव को पटना स्थित निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >