रोहतास: दिनारा में पंचायत समिति की बैठक, विकास योजनाओं के चयन से लेकर पेंशन सत्यापन तक पर हुई चर्चा

दिनारा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में विकास कार्यों, आवास योजना और पेंशन सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

Rohtas News : रोहतास जिला के दिनारा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को प्रखंड प्रमुख रेनू देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.

प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का करें चयन

बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास योजनाओं का चयन कर उन्हें निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी की जाये. उन्होंने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन करने का आग्रह किया.

सफाई को लेकर जल्द चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, स्वच्छता और ओडीएफ से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गयी. गुनसेज पंचायत के मुखिया मुरलीधर दुबे ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फैली गंदगी का मुद्दा उठाया. इस पर बीडीओ ने प्रखंड और अंचल कर्मियों की सहभागिता से जल्द जागरूकता अभियान चलाने की बात कही.

भूमिहीन परिवारों को जमीन देने का प्रस्ताव

अंचल से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी चर्चा हुई. अभियान बसेरा के तहत क्षेत्र के भूमिहीन परिवारों को भूमि बंदोबस्ती कराने का प्रस्ताव रखा गया. इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आवास समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है.

वृद्धों के पेंशन सत्यापन में मिलेगी नई सुविधा

बाल विकास विभाग की योजनाओं के साथ वृद्धा पेंशन के लाभुकों की पहचान और सत्यापन पर भी चर्चा हुई. बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि वृद्धजनों को पेंशन के लिए अंगूठे के साथ आंखों के माध्यम से भी सत्यापन की सुविधा दी जाये. इससे अंगुली के निशान नहीं मिलने वाले बुजुर्गों को होने वाली परेशानी दूर हो सकेगी.

बैठक में उपप्रमुख प्रियंका देवी, सीओ अरुण कुमार सिंह, शिवजी साह, संजय सिंह, श्रीभगवान कहार, पीओ रोहित कुमार, बीपीआरओ रोहित राज, बीसीओ गौतम कुमार, संतोष यादव, एलएस ज्योति कुमारी समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >