सासाराम के सहयोग शिविर में अधिकारियों की गैरहाजिरी से निराश लौटे ग्रामीण, एक भी आवेदन का मौके पर नहीं हुआ निपटारा

Sasaram News : सासाराम में आयोजित सहयोग शिविर सरकारी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण निराश लौटना पड़ा। शिविर में एक भी आवेदन का मौके पर निपटारा नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

Sasaram News : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत मंगलवार को अगरसीडिहरा पंचायत में आयोजित शिविर ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. शिविर में कई वरीय अधिकारियों और प्रखंड स्तर के जिम्मेदार पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों को निराश होकर लौटना पड़ा. हालांकि लोगों ने अपनी शिकायतों से संबंधित आवेदन उपस्थित कर्मियों को सौंप दिए.

समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे थे ग्रामीण

ग्रामीण विजय सिंह, उमाशंकर राम, कामेश्वर पासवान, सरोज शर्मा, इंदु देवी, आशा देवी, पार्वती देवी, मुकेश राम, राजेंद्र राम, किशनावती देवी, रंभा देवी और कलावती देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि सरकार की मंशा विभिन्न विभागों की योजनाओं और समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की है. लेकिन शिविर में कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी मौजूद नहीं रहे, जिससे लोगों को निराशा हाथ लगी.

एक भी आवेदन का मौके पर नहीं हुआ निपटारा

फरियादियों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. शिविर में जमा किए गए एक भी आवेदन का मौके पर निपटारा नहीं किया गया. इससे लोगों में नाराजगी देखी गई.

मुखिया ने भी जताई नाराजगी

पंचायत के मुखिया कमलाकांत पांडेय और पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शिविर से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, पेंशन, भूमि विवाद समेत अन्य समस्याओं के समाधान की उम्मीद थी. लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका. ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसे शिविरों में जिम्मेदार अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे, तो सरकार की मंशा पूरी नहीं हो सकेगी और आम लोगों का भरोसा भी कमजोर होगा.

जिला प्रशासन से की प्रभावी व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी समय पर उपस्थित रहें, ताकि फरियादियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो.

बीडीओ ने दी सफाई

इस संबंध में बीडीओ प्रतीक कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर के लिए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी वन सुभाष कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई थी. शिविर में सीएचओ मोनिका चंद्रा, पंचायत सचिव सोनू कुमार, कृषि समन्वयक ओमप्रकाश सिंह, किसान सलाहकार मधुसूदन पांडेय, जयप्रकाश पासवान, पियूष कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

Also Read : बिहार विधानसभा चुनाव ड्यूटी का भुगतान नौ माह बाद भी लंबित, नवादा के वाहन मालिकों में बढ़ी नाराजगी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ramesh Kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >