रोहतास जिले में नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक श्री एम. राज के डेहरी आगमन पर डेहरी विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पांडेय के नेतृत्व में लोगों ने उनका बुके देकर स्वागत किया. इस दौरान अधिवक्ता संजय तिवारी, अधिवक्ता मनोज पांडेय, महेंद्र पांडेय एवं अभय दुबे ने पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं.
अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पुलिस-पब्लिक समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाएगा. साथ ही आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रभावी पहल होगी.
पुलिस अधीक्षक श्री एम. राज ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
