Sasaram News : वित्त मंत्रालय और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच पिछले दो दिनों से चल रही वार्ता बेनतीजा रही. वार्ता विफल होने के बाद बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. हड़ताल के कारण देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है. इसका असर बिहार समेत रोहतास जिले के बैंक ग्राहकों पर भी पड़ सकता है.
11 सितंबर की हड़ताल के बाद दो दिन साप्ताहिक अवकाश
बैंक यूनियनों के अनुसार, 11 सितंबर को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. इसके बाद 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा. इस तरह लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज बाधित रहने की संभावना है.
कैश निकासी से लेकर चेक क्लियरेंस तक प्रभावित हो सकते हैं काम
बैंक शाखाएं बंद रहने से ग्राहकों को कैश निकासी, नकद जमा, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, ऋण संबंधी कार्य और शाखा से जुड़े अन्य जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है.
Also Read : रोहतास में बेदा डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, तीन दिन बाद भी नहीं हुआ खुलासा
एटीएम और डिजिटल बैंकिंग पर बढ़ सकता है दबाव
लगातार बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने के कारण एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. ऐसे में ग्राहकों को जरूरी नकदी की व्यवस्था पहले से करने और बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हड़ताल से पहले निपटाने की सलाह दी जा रही है.
Also Read : नासरीगंज में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 13 सितंबर तक खुद हटाना होगा अवैध कब्जा
यूपीआई और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद
हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है. इसके बावजूद बैंक शाखाओं से जुड़े जरूरी काम के लिए ग्राहकों को हड़ताल की अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी करने की सलाह दी जा रही है.
Also Read : श्रीकृष्ण के छठिहार पर भक्ति जागरण का आयोजन, रात भर भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रोता
