Rohtas News : नगर पंचायत के सभागार में सोमवार को स्थानीय विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी की उपस्थिति में विकास योजनाओं को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी और नगर की मुख्य पार्षद शबनम आरा ने संयुक्त रूप से की. इसमें नगर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर चर्चा के बाद सहमति बनी.
सब्जी बाजार में बनेगा वेंडिंग जोन
बैठक में बड़ी बाजार रोड स्थित अर्ध साप्ताहिक सब्जी बाजार परिसर में वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया. इसके अलावा नगर के लिए अलग पावर ग्रिड स्थापित करने और 150 बिजली के पोल उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग को प्रस्ताव अग्रसारित करने का निर्णय लिया गया.
स्टेडियम का होगा सौंदर्यीकरण, लगेंगी हाई मास्क लाइट
विधायक की अनुशंसा पर हाईस्कूल स्टेडियम के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी सहमति बनी. स्टेडियम परिसर में दो हाई मास्क लाइट लगायी जायेंगी. इसके साथ ही गांधी मैदान के निकट चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराने की योजना भी प्रस्तावित की गयी है. इन योजनाओं के पूरा होने से नगर क्षेत्र में खेल और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है.
अगले चरण में नासरीगंज में खुलेगा डिग्री कॉलेज
बैठक के दौरान नोखा विधायक ने आश्वासन दिया कि बिहार सरकार की ओर से अगले चरण में नासरीगंज में डिग्री कॉलेज स्थापित किया जाएगा. डिग्री कॉलेज खुलने से स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.
हर वार्ड में पार्षदों की अनुशंसा से दो योजनाएं होंगी स्वीकृत
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड से पार्षदों की अनुशंसा पर दो-दो विकास योजनाएं स्वीकृत की जायेंगी. इससे वार्ड स्तर पर स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने का रास्ता साफ होगा.
बैठक में ईओ विकास कुमार, उपमुख्य पार्षद कलावती देवी, नगर के स्वच्छता एंबेसेडर डॉ. अमरेंद्र कुमार, पार्षद शमशाद अहमद परसवी, आशा देवी, संतोष कुमार, रानी खातून, सुनीता देवी, वीणा देवी, इशरत बानो, कृष्ण प्रसाद और प्रभारी कार्यपालक सहायक रामबाबू कुमार सहित अन्य मौजूद रहे.
