खेल, पौधारोपण और जूट के झोलों पर नोखा नगर परिषद का रहेगा फोकस, सामान्य बोर्ड की बैठक में हुए फैसले

नोखा नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया गया. साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान और प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर सख्ती बरतने की घोषणा की गई.

नोखा नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में शुक्रवार को सभापति राधेश्याम सिंह की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में स्थानीय विधायक नागेंद्र चन्द्रवंशी, उपसभापति धनजी सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष रुपेश चन्द्रवंशी, सिटी मैनेजर प्रवीण कुमार ओझा, टाउन प्लानर विनय चंद्रनाथ चौधरी व नगर परिषद के सभी 25 वार्डों के पार्षद एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मिली स्वीकृति

बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और खेल गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई. बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नागेंद्र चन्द्रवंशी ने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित नगर के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. बैठक में नगर विकास से जुड़े अन्य एजेंडों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए.

क्या बोले अधिकारी

सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, हरित और व्यवस्थित बनाना है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों के सहयोग से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर हित से जुड़े सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा. कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने कहा कि बोर्ड की बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाएगा.

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खर्च होंगे पांच लाख

बैठक में नगर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल सामग्री एवं खेल आयोजनों पर पांच लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया गया. उप सभापति धनजी सिंह ने कहा कि इससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा. पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया. इसके तहत प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालय परिसरों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे. साथ ही पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.

प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर होगी सख्ती

बैठक में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया. इसके तहत नगर परिषद आम लोगों के बीच जूट के झोलों का वितरण करेगी व प्लास्टिक के स्थान पर जूट एवं कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया.

बैठक में प्रधान लिपिक संजय कुमार, टैक्स दारोगा सत्यनारायण प्रसाद, कनीय अभियंता (जेई) अंकुर गगन सहित नगर परिषद के सभी 25 वार्डों के पार्षद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >