Sasaram News : काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे. सांसद ने डेहरी को जिला बनाने के साथ-साथ दाउदनगर को भी नया जिला बनाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी.
इंद्रपुरी जलाशय का शीघ्र निर्माण कराने पर जोर
सांसद ने इंद्रपुरी जलाशय का शीघ्र निर्माण कराने और सोन नहर प्रणाली के आधुनिकीकरण की मांग की. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि सोन नहर प्रणाली वर्ष 1874 में तैयार हुई थी. इसके माध्यम से बिहार के आठ जिलों में धान, गेहूं सहित विभिन्न फसलों की सिंचाई होती है. करीब डेढ़ सौ वर्ष पुरानी होने के कारण नहरें अब जर्जर हो चुकी हैं.
बाणसागर और रिहंद बांध के बाद सोन में पानी की उपलब्धता प्रभावित
राजाराम सिंह ने कहा कि बाणसागर और रिहंद बांध के निर्माण के बाद सोन नदी में पानी की उपलब्धता पर भी असर पड़ा है. ऐसी स्थिति में इंद्रपुरी जलाशय का निर्माण और सोन नहर प्रणाली का आधुनिकीकरण जरूरी हो गया है. उन्होंने यह भी बताया कि नवीनगर के दोनों थर्मल पावर प्लांटों को भी सोन नदी के पानी की आवश्यकता है.
नौहट्टा से नासरीगंज तक क्षेत्र को शामिल कर डेहरी को जिला बनाने की मांग
सांसद ने नौहट्टा से नासरीगंज तक सोन तटवर्ती क्षेत्रों को शामिल करते हुए डेहरी को जिला बनाने की मांग रखी. इसके साथ ही दाउदनगर, ओबरा, हसपुरा और गोह को मिलाकर दाउदनगर को मुख्यालय बनाते हुए नया जिला गठित करने का प्रस्ताव भी दिया.
Also Read : नासरीगंज में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 13 सितंबर तक खुद हटाना होगा अवैध कब्जा
पुनपुन नदी पर दो नये पुल और बाढ़ पीड़ितों को मुआवजे की मांग
सांसद ने पुनपुन नदी पर दो नये पुलों के निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी. इसके अलावा बाढ़ से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई. उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल सकेगी.
Also Read : श्रीकृष्ण के छठिहार पर भक्ति जागरण का आयोजन, रात भर भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रोता
मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुनने का दिया आश्वासन
सांसद राजाराम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के बाद डेहरी और दाउदनगर को जिला बनाने, इंद्रपुरी जलाशय के निर्माण तथा सोन नहर प्रणाली के आधुनिकीकरण को लेकर क्षेत्र में उम्मीद बढ़ी है.
Also Read : रोहतास में बेदा डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, तीन दिन बाद भी नहीं हुआ खुलासा
