रोहतास: मॉब लिंचिंग मामले में पुलिस का एक्शन, करगहर बाजार से एक आरोपित गिरफ्तार

कोचस पुलिस ने मॉब लिंचिंग मामले में एक आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया है। शिक्षक अपहरण और पिटाई मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Rohtas News : कोचस पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मॉब लिंचिंग मामले में शामिल एक आरोपित को करगहर बाजार से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव निवासी सुरेंद्र यादव के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है. इसकी जानकारी सदर एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने दी.

शिक्षक के अपहरण के बाद ग्रामीणों ने किया था पीछा

एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि 17 अगस्त को दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव निवासी शिक्षक गौरीशंकर पाल का बाइक सवार दो अपराधियों ने अपहरण कर लिया था. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहन से अपहरणकर्ताओं का पीछा किया. ग्रामीणों ने कोचस थाना क्षेत्र में डीएवी स्कूल के समीप अपहृत शिक्षक को मुक्त करा लिया.

आक्रोशित भीड़ ने आरोपितों की कर दी थी पिटाई

शिक्षक के मुक्त होने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण और अन्य लोग आक्रोशित हो गये. भीड़ ने घटना में शामिल आरोपितों की जमकर पिटाई कर दी. मारपीट की इस घटना में नटवार थाना क्षेत्र के किशुनपुर बड़वा गांव निवासी राजेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था.

इलाज के दौरान वाराणसी में हुई थी राजेश्वर की मौत

गंभीर रूप से घायल राजेश्वर यादव को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया था, जहां 22 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया और पुलिस ने मॉब लिंचिंग की घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की.

आठ नामजद समेत दर्जनों अज्ञात पर प्राथमिकी

एसडीपीओ के अनुसार, 23 अगस्त को मृतक राजेश्वर यादव की पत्नी रिंकी देवी ने कोचस थाने में आठ नामजद समेत दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू किया.

वीडियो फुटेज से हुई विकास की पहचान

पुलिस को मॉब लिंचिंग की घटना से संबंधित कुछ वीडियो फुटेज प्राप्त हुए थे. इन्हीं वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की गयी. पुलिस ने पहचान के बाद कार्रवाई करते हुए विकास कुमार को करगहर बाजार से गिरफ्तार कर लिया.

अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश कुमार पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >