Sasaram News : दिनारा प्रखंड के बेलहन गांव स्थित मध्य विद्यालय के सामने जर्जर पुलिया छात्राओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. स्कूल जाने वाले रास्ते में छोटी नहर होने के कारण नन्हीं छात्राएं जान जोखिम में डालकर बांस से बनी अस्थायी पटरी के सहारे विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं.
वीडियो बनाकर छात्राओं ने विधायक से लगायी गुहार
समस्या से परेशान छात्राओं ने वीडियो बनाकर दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह से पुलिया का निर्माण कराने की अपील की थी. छात्राओं ने विधायक से आग्रह करते हुए कहा था, "विधायक जी, इसको बनवा दीजिए." छात्राओं की इस मार्मिक अपील को गंभीरता से लेते हुए विधायक आलोक कुमार सिंह स्वयं मध्य विद्यालय बेलहन पहुंचे.
विधायक ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा
विधायक ने विद्यालय में बच्चों से मुलाकात की और स्कूल तक जाने वाले रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पुलिया और रास्ते की स्थिति काफी जर्जर और चिंताजनक पायी गई. छात्राओं को स्कूल आने-जाने में हो रही परेशानी की जानकारी भी विधायक ने ली.
संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश
विधायक आलोक कुमार सिंह ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात की और समस्या के तत्काल समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिया निर्माण को लेकर कार्रवाई शुरू होगी और बच्चों को इस परेशानी से स्थायी रूप से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
बोले विधायक- पहले आपका सेवक हूं
इस दौरान विधायक आलोक कुमार सिंह ने बच्चों से कहा, "बच्चों, एक बात हमेशा याद रखना, विधायक बाद में, पहले आपका सेवक हूं." विधायक के इस आश्वासन के बाद छात्राओं और स्थानीय लोगों में समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है.
