Sasaram Minors Driver : रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड क्षेत्र में बिना ड्राइविंग लाइसेंस के नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि स्टेट हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कों तक कम उम्र के किशोर ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और अन्य यात्री वाहन चलाते खुलेआम नजर आ रहे हैं. इस लापरवाही ने न केवल यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल दिया है.
चेनारी-कुदरा स्टेट हाईवे, चेनारी-मल्हीपुर स्टेट हाईवे और चेनारी-भभुआ मुख्य मार्ग जैसे व्यस्त रास्तों पर नाबालिग चालकों की मौजूदगी आम हो गई है. इन मार्गों से हर दिन स्कूली छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मचारी, किसान और बड़ी संख्या में आम लोग गुजरते हैं. ऐसे में बिना अनुभव और प्रशिक्षण के वाहन चला रहे किशोर किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं.
Sasaram News : नियमों की खुलेआम अनदेखी, बिना हेलमेट और ओवरलोडिंग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई नाबालिग चालक बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और क्षमता से अधिक सवारी लेकर वाहन चलाते देखे जाते हैं. तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है. खासकर स्कूल और बाजार के आसपास ऐसे मामलों की संख्या ज्यादा देखी जा रही है.
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ वाहन मालिक जानबूझकर आर्थिक लाभ के लिए नाबालिगों को ऑटो और ई-रिक्शा चलाने के लिए दे देते हैं. इससे न केवल कानून का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि मासूम लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही है.
Parivahan Vibhag : जांच अभियान की कमी, बढ़ रही समस्या
लोगों का कहना है कि नियमित जांच अभियान नहीं चलने के कारण ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है. अगर समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो किसी भी दिन बड़ा सड़क हादसा हो सकता है.
स्थानीय निवासी अरविंद चौरसिया, अजय प्रसाद, कमलेश पासी और दिनेश कुमार ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस से संयुक्त रूप से अभियान चलाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चला रहे नाबालिगों और ऐसे वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
अभिभावकों से भी की गई अपील
स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें. थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि उन्हें समय से पहले सड़क पर वाहन चलाने से रोका जाए.
बढ़ती दुर्घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
चेनारी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बेहद जरूरी है.
यदि प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस मिलकर इस दिशा में ठोस कदम उठाते हैं, तो नाबालिग चालकों पर रोक लगाई जा सकती है और संभावित हादसों को टाला जा सकता है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई करते हैं.
