Rohtas News : आदर्श ग्राम पंचायत समहुता में जिला प्रशासन की ओर से विशाल सहयोग शिविर का आयोजन किया जायेगा. शिविर में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर त्वरित समाधान करना और उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है.
डीएम समेत जिले के कई अधिकारी होंगे शामिल
सहयोग शिविर में जिलाधिकारी के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और रोहतास थानाध्यक्ष शामिल होंगे. इसके अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी शिविर में मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे.
राशन कार्ड और पेंशन समेत कई मामलों का होगा निपटारा
शिविर में ग्रामीण राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व, आवास योजना समेत अन्य प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू करेंगे. लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी.
स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी सेवाओं का भी मिलेगा लाभ
सहयोग शिविर में स्वास्थ्य एवं कृषि से संबंधित परामर्श की भी व्यवस्था रहेगी. ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और कृषि संबंधी मार्गदर्शन दिया जायेगा. किसानों को खेती से जुड़ी योजनाओं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जायेगा.
सरकारी योजनाओं के आवेदन की भी मिलेगी जानकारी
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जायेगी. प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर संबंधित विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकें.
