Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी परिसर में जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर नगर व प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालयों एवं निजी विद्यालयों की बैठक हुई. बीईओ की अनुपस्थिति में बैठक का नेतृत्व बीआरसी लेखापाल अनिल कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से किया. बैठक में इंस्पायर अवार्ड, नशामुक्त विद्यालय, स्वच्छता रैंकिंग और आपार आईडी की प्रगति की समीक्षा की गयी.
दो दिन में नशामुक्ति और स्वच्छता पोर्टल पर कराएं पंजीकरण
बैठक में सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को निर्देश दिया गया कि दो दिनों के अंदर नशामुक्त विद्यालय और स्वच्छता रैंकिंग के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर इसकी सूचना बीआरसी कार्यालय को उपलब्ध कराएं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में पंजीकरण नहीं कराने वाले विद्यालयों की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जायेगी.
आपार आईडी अधूरी रही तो होगी कार्रवाई
बैठक में आपार आईडी की प्रगति पर भी विशेष चर्चा हुई. जिन विद्यालयों में अब तक सभी विद्यार्थियों की आपार आईडी पूरी नहीं हुई है, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया. लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी.
लापरवाह स्कूलों की सूची डीईओ को भेजने की चेतावनी
विद्यालयों को सभी बिंदुओं पर अपनी प्रगति रिपोर्ट बीआरसी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया. नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि जिन विद्यालयों की ओर से इन कार्यों में रुचि नहीं ली जायेगी, उनकी सूची तैयार कर जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी जायेगी.
बैठक में पसवा के जिलाउपाध्यक्ष सुभाष कुमार कुशवाहा, आनंद कुमार, कमलेश मनी राज, कुमारनुजानंद, शकील अख्तर, गुफरान अहमद, नीलेश कुमार, रूमी हुसैन, कपिल मुनि प्रसाद, सत्यनारायण सिंह, मो. तसनीम, मो. असद, देवानंद प्रसाद समेत अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
