Sasaram News : कैमूर पहाड़ी की गोद में स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम में जल्द ही कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शुरू किए जाएंगे. यहां गेस्ट हाउस, धर्मशाला और दो हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना को पर्यटन विभाग ने मंजूरी दे दी है. इस संबंध में बिहार राज्य महोत्सव संघ के अध्यक्ष व मां भवानी धाम के मुख्य संरक्षक संजीव कुमार सिंह ने जानकारी दी.
मुख्य सचिव ने प्रबंध निदेशक को दिया निर्देश
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बिहार राज्य पर्यटन विभाग के मुख्य सचिव ने विभाग के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर मां तुतला भवानी धाम में गेस्ट हाउस, धर्मशाला और हाईमास्ट लाइट लगाने का काम शुरू कराने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से भी धाम में गेस्ट हाउस, धर्मशाला और दो हाईमास्ट लाइट लगाए जाने की आवश्यकता को लेकर पर्यटन विभाग को अनुशंसा भेजी गयी थी.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होगा निर्माण
पर्यटन विभाग की स्वीकृति के बाद अब जल्द ही मां तुतला भवानी धाम में धर्मशाला और गेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा. इसके साथ ही दो हाईमास्ट लाइट भी लगायी जाएंगी, जिससे धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी. विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने और अन्य सुविधाओं में काफी सहूलियत मिलेगी.
देश-विदेश से पहुंचते हैं श्रद्धालु और पर्यटक
मां तुतला भवानी धाम में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसके अलावा विदेशी पर्यटक भी इस प्रसिद्ध देवी स्थल का भ्रमण करने आते हैं. ऐसे में धाम में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस और धर्मशाला की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी.
Also Read : सासाराम: राजेंद्र विद्यालय में प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला प्रमाण-पत्र, विद्यार्थियों के चेहरे खिले
मुख्य संरक्षक के आग्रह पर डीएम ने भेजी अनुशंसा
मां तुतला भवानी धाम न्यास समिति के मुख्य संरक्षक ने धाम में गेस्ट हाउस, धर्मशाला और दो हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखा था. इसके बाद जिलाधिकारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पर्यटन विभाग से इन सुविधाओं के लिए अनुशंसा की. विभाग की ओर से अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गयी है.
न्यास समिति और क्षेत्र के लोगों में खुशी
पर्यटन विभाग की मंजूरी की जानकारी मिलने के बाद मां तुतला भवानी धाम न्यास समिति सहित क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है. लोगों ने पर्यटन विभाग के इस फैसले की भूरि-भूरि प्रशंसा की है. न्यास समिति के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, सचिव धर्मेंद्र सिंह, रामाधीन भारती, श्रीभगवान सिंह, रौशन कुमार सिंह, अजीत कुमार सिंह, भरत यादव, अखिलेश रजवार समेत पूरी कमेटी और क्षेत्र के लोगों ने सरकार व पर्यटन विभाग के प्रति आभार जताते हुए साधुवाद दिया है.
Also Read : रोहतास में बेदा डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, तीन दिन बाद भी नहीं हुआ खुलासा
