Rohtas News : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) रोहतास के जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी ने गुरुवार को जिला कार्यकारिणी की नई सूची जारी की. प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के अनुमोदन के बाद जारी कमेटी में संगठन को मजबूत करने के साथ सामाजिक समीकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है. नई कार्यकारिणी में विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है.
31 उपाध्यक्ष और 39 महासचिव बनाए गए
नई जिला कमेटी में 31 उपाध्यक्ष, 39 महासचिव, 36 सचिव और 27 कार्यकारिणी सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में जिले के विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक के अलावा प्रदेश के विभिन्न आयोगों में मनोनीत सदस्य तथा जिले से जुड़े प्रदेश स्तर के नेता और पदाधिकारियों को शामिल किया गया है.
पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व
जदयू की नई कार्यकारिणी में सामाजिक संतुलन पर खास जोर दिखाई दे रहा है. इसमें सामान्य वर्ग के 32, पिछड़ा वर्ग के 51, अति पिछड़ा वर्ग के 30, अल्पसंख्यक वर्ग के सात और अनुसूचित जाति वर्ग के 13 सदस्यों को जगह दी गयी है. इसके अलावा एक सिख सदस्य को भी संगठन में जिम्मेदारी दी गयी है.
16 महिलाओं को संगठन में मिली जगह
नई कमेटी में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ायी गयी है. कुल 16 महिला सदस्यों को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी गयी है. पार्टी की ओर से इसे संगठन में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी ने कहा कि नवमनोनीत सभी पदाधिकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू की नीतियों व सिद्धांतों में आस्था रखने वाले हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी और प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे. उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जदयू की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में नई जिला कार्यकारिणी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी.
