कल से स्कूलों में भाषाई कौशल और एकता के लिए लगेगा ”भारतीय भाषा समर कैंप”
SASARAM NEWS.छात्र-छात्राओं में भाषाई कौशल, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों में 13 मई से भारतीय भाषा समर कैंप (बीबीएससी-2026) का आयोजन होगा.
कल से स्कूलों में भाषाई कौशल और एकता के लिए लगेगा ”भारतीय भाषा समर कैंप”
सात दिनों तक भाषाई, सांस्कृतिक व रचनात्मक गतिविधियों का होगा आयोजन
विद्यार्थियों में भाषाई कौशल व राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने पर जोर
सासाराम ऑफिस.
छात्र-छात्राओं में भाषाई कौशल, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों में 13 मई से भारतीय भाषा समर कैंप (बीबीएससी-2026) का आयोजन होगा. इसको लेकर शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं. शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीइआरटी) नयी दिल्ली के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस कैंप में छात्र-छात्राओं को मातृभाषा और विद्यालय में पढ़ाई जा रही भाषाओं के अतिरिक्त एक अन्य भारतीय भाषा व भारतीय सांकेतिक भाषा की जानकारी दी जायेगी. सात दिनों तक कुल 28 घंटे की गतिविधियां आयोजित होंगी. विभागीय निर्देश के अनुसार कार्यक्रम के शैक्षणिक समन्वय, संचालन व अनुश्रवण की जिम्मेदारी संबंधित जिले के डायट को दी गयी है. स्थानीय भाषा विशेषज्ञों व संसाधन सेवियों के सहयोग से स्कूलों में प्रतिदिन गतिविधियां संचालित की जायेंगी. कैंप के दौरान पहले दिन अभिवादन, परिचय, वर्णमाला और सामान्य शब्दावली से संबंधित गतिविधियां होंगी. दूसरे दिन दैनिक जीवन से जुड़े संवाद अभ्यास कराये जायेंगे. तीसरे दिन गीत, संगीत, नृत्य, चित्रकला और स्थानीय कला गतिविधियों का आयोजन होगा. इसी तरह चौथे दिन स्थानीय भोजन एवं संस्कृति, पांचवें दिन लघु फिल्म, कहानी, नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, छठे दिन भारत के इतिहास, भूगोल और ऐतिहासिक स्थलों से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. अंतिम दिन पारंपरिक खेल, अंताक्षरी, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक प्रस्तुति व प्रमाण-पत्र वितरण किया जायेगा. शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.