रोहतास में 2 IAS अफसर भी नहीं खत्म करवा सके करगहर का जाम, अतिक्रमण बना सबसे बड़ी चुनौती

रोहतास जिले के करगहर बाजार में जाम और अतिक्रमण की समस्या गंभीर हो गई है. जिला प्रशासन के प्रयासों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकला है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है. इस समस्या पर समाजसेवियों ने भी सवाल उठाए हैं.

रोहतास जिले के करगहर बाजार में जाम और अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप ले चुकी है. जिला प्रशासन की कार्रवाई और दो आईएएस अधिकारियों की पहल के बावजूद बाजार को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जा सका है. नतीजा यह है कि पिछले तीन दिनों से बाजार में भीषण जाम लग रहा है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

चार घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन. एंबुलेंस और यात्रियों को हुई सबसे ज्यादा परेशानी

शुक्रवार शाम करीब छह बजे से रात दस बजे तक सिरिसिरयां पुल से पांडेय पुल तक सड़क पर सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे. सबसे अधिक परेशानी दूर-दराज जाने वाले यात्रियों और एंबुलेंस में मौजूद मरीजों को उठानी पड़ी. घंटों तक यातायात ठप रहने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई.

डीएम और एसडीएम के आदेश का कुछ दिन दिखा असर. फिर पुराने हालात लौटे

बताया जाता है कि सात जनवरी को तत्कालीन जिलाधिकारी उदिता सिंह के करगहर दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई थी. इसके बाद सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई. शुरुआती दिनों में सड़क से अतिक्रमण हटाया गया और बस स्टैंड के लिए अलग स्थान भी चिन्हित किया गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर बसें सड़क पर खड़ी होने लगीं और फुटपाथी दुकानदारों ने दोबारा सड़क किनारे दुकानें सजा लीं.

बस स्टैंड और वेंडिंग जोन नहीं बनने से बढ़ रही समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में बसों और ऑटो के लिए स्थायी स्टैंड नहीं होने के कारण वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं. वहीं फुटपाथी दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन नहीं बनने से सड़कें संकरी हो गई हैं. बाइक पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम और बढ़ जाता है.

सीओ बोले- जल्द चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

अंचलाधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि करगहर बाजार में जाम गंभीर समस्या है. प्रशासन इसकी तैयारी कर रहा है और जल्द ही विशेष अभियान चलाकर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.

समाजसेवियों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल

समाजसेवी सत्यम पांडेय ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों को अब तक जाम और अतिक्रमण से राहत नहीं मिल सकी है. उनका आरोप है कि केवल औपचारिक कार्रवाई की जा रही है.

समाजसेवी दीपक रंजन वर्मा का कहना है कि जब तक बसों और ऑटो के लिए स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक जाम की समस्या समाप्त नहीं हो सकती.

वहीं हरिगोबिंद पांडेय उर्फ गोलू पांडेय ने कहा कि करगहर बाजार से लेकर सरिसिया मोड़ तक सड़क किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटाना होगा. उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की.

समाजसेवी बच्चा सिंह यादव ने सुझाव दिया कि अतिक्रमण हटाने से पहले फुटपाथी दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन बनाया जाए और उसके बाद सड़क किनारे बनी गुमटियों व झोपड़ियों को हटाया जाए, तभी करगहर को स्थायी रूप से जाम से मुक्ति मिल सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >