Rohtas News : स्वतंत्रता दिवस 2026 और वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रोहतास जिले में रविवार से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू हो गया. 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन जिले में बाइक और साइकिल रैली के साथ विभिन्न ग्राम पंचायतों में ध्वज वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये. सासाराम में 42 बिहार बटालियन एनसीसी के निर्देश पर पीएम श्री प्लस टू उच्च स्कूल चौखड़ी पथ, रौजा रोड के एनसीसी कैडेट्स ने भव्य तिरंगा रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया.
हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे
पीएम श्री प्लस टू उच्च स्कूल चौखड़ी पथ से निकली एनसीसी कैडेट्स की रैली समाहरणालय, पोस्ट ऑफिस चौक और फजलगंज होते हुए 42 बिहार बटालियन एनसीसी सासाराम पहुंची. इसके बाद रैली स्कूल परिसर लौटकर संपन्न हुई. निर्धारित वेशभूषा और अनुशासन के साथ शामिल कैडेट्स पूरे रास्ते देशभक्ति से जुड़े नारे लगाते रहे.
सड़क पर कतारबद्ध होकर तिरंगा लेकर चलते कैडेट्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे. रैली के दौरान एनसीसी के अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना की झलक देखने को मिली.
‘घर-घर तिरंगा’ का दिया संदेश
रैली की देखरेख एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार ने की. उनके मार्गदर्शन में कैडेट्स ने अनुशासन के साथ रैली में भाग लिया. स्कूल के प्रधानाचार्य उमेश कुमार सिंह का भी कार्यक्रम में सहयोग रहा.
कैडेट्स ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने, राष्ट्रध्वज का सम्मान करने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने की अपील की. रैली के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया.
10 अगस्त को स्कूलों में होंगे कई कार्यक्रम
अभियान के दूसरे दिन 10 अगस्त को जिले के स्कूलों में तिरंगा और वंदे मातरम विषय पर प्रदर्शनी आयोजित होगी. इसके साथ ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के तहत ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम का सामूहिक गायन, चित्रकला, निबंध और लेखन प्रतियोगिताएं होंगी.
11 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. वहीं 12 अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी.
12 अगस्त की तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे विभिन्न संगठन
जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, जीविका दीदियों, एनसीसी, एनएसएस, माई भारत के स्वयंसेवकों, खेल क्लबों, युवा संगठनों, स्काउट-गाइड, प्रेस प्रतिनिधियों और अन्य सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी होगी. इसमें प्रभारी मंत्री के शामिल होने का प्रस्ताव है.
तिरंगा यात्रा के मार्ग पर चिकित्सकीय दल और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी तैयारी है. प्रशासन की ओर से यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जायेगा.
13 से 17 अगस्त तक भी जारी रहेंगी गतिविधियां
13 अगस्त को एनएसएस, एनसीसी और माई भारत के स्वयंसेवकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी. 14 अगस्त को सहयोग समितियों, पैक्स, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों और अन्य संगठनों की सहभागिता से ध्वजारोहण, ध्वज वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे.
15 अगस्त को फजलगंज स्थित मल्टीपरपस हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा. शाम चार बजे से रात आठ बजे तक होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे.
16 अगस्त को खेल संगठनों और युवा क्लबों के सहयोग से तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ और साइकिल रैली आयोजित की जायेगी. 17 अगस्त को स्कूलों में ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम का सामूहिक गायन, चित्रकला, निबंध और लेखन प्रतियोगिताएं होंगी.
जिले में बांटे जायेंगे 76 हजार तिरंगे
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रोहतास जिले में करीब 76 हजार राष्ट्रीय ध्वज वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रत्येक प्रखंड में करीब चार हजार तिरंगे खरीदकर आम लोगों के बीच बांटने की योजना है.
पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से ध्वज घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी. नगर निकायों को सरकारी भवनों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित सजावट के साथ स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
पोर्टल पर अपलोड होंगी गतिविधियों की तस्वीरें
अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों के फोटो और वीडियो निर्धारित समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड किये जायेंगे. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है.
प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से आम लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है.
