सावन की अंतिम सोमवारी पर ऐतिहासिक गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. बाबा गुप्तेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए पहुंचे भक्तों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. मंदिर परिसर से लेकर गुफा के अंदर तक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे. बैरिकेडिंग और लगातार निगरानी के बीच रात 12 बजे तक श्रद्धालु जलाभिषेक करते रहे.
कतारबद्ध कर श्रद्धालुओं को कराया गया जलाभिषेक
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ाया. चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे. उन्होंने विभिन्न स्थानों का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे थानाध्यक्ष, लगाए ‘बोल बम’ के जयकारे
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और उनके साथ ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए. पुलिस अधिकारी को भक्तों के साथ इस तरह संवाद करते देखकर माहौल भक्तिमय हो गया. उन्होंने कहा कि रोहतास पुलिस गुप्ता धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करती है और हर भक्त को सुरक्षित दर्शन कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है.
गुप्ता धाम में सुरक्षा व्यवस्था से श्रद्धालु संतुष्ट
गुप्ता धाम में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा दिखा. भक्तों ने बैरिकेडिंग, पुलिस की मौजूदगी और गुफा के अंदर ऑक्सीजन की व्यवस्था की सराहना की. श्रद्धालुओं का कहना था कि इस बार व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित नजर आई.
सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद
श्रद्धालुओं ने कहा कि गुप्ता धाम में धीरे-धीरे सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. आने वाले समय में सुरक्षा के साथ पेयजल, शौचालय, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं को और बेहतर किए जाने की उम्मीद है. इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी.
कमेटी ने प्रशासन के साथ किया सहयोग
गुप्ता धाम कमेटी के सदस्यों ने भी पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भीड़ को नियंत्रित करने में सहयोग किया. कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने और भीड़ के बीच धैर्य बनाए रखने की अपील की गई. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
अंतिम सोमवारी को लेकर पहले से थी तैयारी
सीओ पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि अंतिम सोमवारी को देखते हुए प्रशासन की ओर से पहले से व्यापक तैयारी की गई थी. पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे. भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और आवागमन को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी की गई.
प्रशासन और पुलिस के बीच रहा बेहतर समन्वय
बीडीओ ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन, पुलिस और गुप्ता धाम कमेटी के बीच बेहतर समन्वय रहा. श्रद्धालुओं से कतार में रहकर जलाभिषेक करने और प्रशासन की ओर से बनाए गए मार्ग का पालन करने की अपील की गई, ताकि सभी भक्तों को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके.
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा नहीं होने से श्रद्धालु मायूस
सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से प्रस्तावित पुष्पवर्षा नहीं हो सकी. सुबह से ही भक्त हेलीकॉप्टर से फूल बरसने का इंतजार करते रहे, लेकिन दिनभर पुष्पवर्षा नहीं होने से उनमें मायूसी दिखी. प्रशासन की ओर से खराब मौसम को पुष्पवर्षा नहीं होने का कारण बताया गया. श्रद्धालुओं का कहना था कि पुष्पवर्षा होती तो अंतिम सोमवारी का आयोजन और भी यादगार बन जाता.
