एसडीएम का सरकारी वाट्सएप फिर हैक

साइबर अपराधियों ने बिक्रमगंज के अनुमंडलाधिकारी प्रभात कुमार का सरकारी वाट्सएप अकाउंट एक बार फिर हैक कर लिया

शादी कार्ड के बाद एपीके फाइल से साइबर ठगी की कोशिश फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल में आया अलर्ट अधिकारियों और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील प्रतिनिधि, बिक्रमगंज साइबर अपराधियों ने बिक्रमगंज के अनुमंडलाधिकारी प्रभात कुमार का सरकारी वाट्सएप अकाउंट एक बार फिर हैक कर लिया. इस बार हैकरों ने फर्जी शादी के आमंत्रण कार्ड के बाद खतरनाक एपीके फाइल भेजकर अधिकारियों को जाल में फंसाने की कोशिश की. फाइल डाउनलोड करने का प्रयास करते ही मोबाइल में असामान्य गतिविधियों का अलर्ट आने लगा, जिससे मामला तुरंत उजागर हो गया. बताया गया कि इससे पहले 31 जनवरी की रात भी एसडीएम के सरकारी नंबर से कई लोगों को शादी का कार्ड भेजा गया था. इसके बाद 8 फरवरी, रविवार को एपीके फाइल संलग्न कर भेजी गयी. इस संबंध में थानाध्यक्ष सांझौली पूनम कुमारी ने बताया कि उनके मोबाइल पर अनुमंडलाधिकारी के सरकारी नंबर से एपीके फाइल आयी थी. जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड करने की कोशिश की, मोबाइल में अलर्ट मैसेज आ गया. अलर्ट मिलते ही फाइल काट दी गयी और किसी प्रकार का डाउनलोड नहीं किया गया. बाद में अनुमंडलाधिकारी से बात करने पर हैक होने की पुष्टि हुई. अनुमंडलाधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि यह दूसरी बार है, जब उनका सरकारी वाट्सएप अकाउंट हैक हुआ है. इससे पहले 31 जनवरी 2026 को अकाउंट हैक हुआ था, जो करीब 24 घंटे बाद बहाल हो सका था. रविवार 8 फरवरी को दोबारा हैक होने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि सूचना देने के बाद साइबर सेल की ओर से कागजात और तकनीकी विवरण मांगे जा रहे हैं. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार और जिलाधिकारी उदिता सिंह को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है. साथ ही जिलाधिकारी रोहतास, पुलिस अधीक्षक रोहतास और साइबर सेल को लिखित सूचना दी गयी है. एसडीएम ने सभी पदाधिकारी, कर्मियों और आम लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आये किसी भी लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश को न खोलें. इस बार सरकारी वाट्सएप अकाउंट कब तक बहाल होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >