Sasaram News : बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के नटवार रोड में घर में घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़िता की मां ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में मुख्य आरोपित के रूप में मोहित कुमार का नाम दर्ज है, जबकि तीन अज्ञात युवकों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है. घटना 16 सितंबर की रात की बतायी गयी है.
छत के सहारे चार युवकों के घर में घुसने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता की मां अपनी करीब 16 वर्षीय बेटी के साथ घर में सो रही थी. इसी दौरान रात में पड़ोसी की छत के सहारे चार युवक घर में प्रवेश कर गये. आरोप है कि तीन युवकों ने महिला को हथियार का भय दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया, जबकि मुख्य आरोपित मोहित कुमार ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया.
बेटी को बचाने का प्रयास करने पर डराने-धमकाने का आरोप
पीड़िता की मां ने प्राथमिकी में बताया है कि उसने अपनी बेटी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने उसे डराया-धमकाया. घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गये.
Also Read : कैमूर: गोबरछ की मुख्य सड़क जलजमाव से बनी तालाब, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे राहगीर
शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी किसी को देने अथवा पुलिस से शिकायत करने पर आरोपितों की ओर से परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी. पीड़िता की मां ने पुलिस को दिये आवेदन में कहा है कि घटना के बाद परिवार के लोग भयभीत हैं. आरोपितों की ओर से परिवार को जान से मारने की धमकी दिये जाने की बात भी प्राथमिकी में कही गयी है.
Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण
तीन अज्ञात युवकों की भूमिका की जांच
प्राथमिकी में मुख्य आरोपित मोहित कुमार के अलावा तीन अज्ञात युवकों का उल्लेख किया गया है. पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही, घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाये जा रहे हैं.
मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपितों की तलाश जारी
थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. इसके बाद आरोपित युवकों की तलाश जारी है. उन्होंने बताया कि सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं.
Also Read : हेठुआ गांव में बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का 15वां पूजनोत्सव धूमधाम से संपन्न
