Sasaram News : प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को प्रखंड कार्यान्वयन समिति की बैठक हरिहर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में राजस्व, खाद्य आपूर्ति, नल-जल योजना, स्वच्छता, बिजली समेत अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे छाए रहे. बैठक के शुरुआती दौर में समिति के मनोनीत सदस्यों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा की और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को सामने रखा.
राजस्व कर्मियों पर भ्रष्टाचार का आरोप, कार्रवाई का निर्देश
उपाध्यक्ष सह भाजपा कोचस पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह ने सीओ के चालक और राजस्व कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के फोन नहीं लगते हैं और फोन लगने पर भी वे उठाते नहीं हैं. उन्होंने कार्यालय के बाहर स्थित साइबर कैफे संचालकों के साथ मिलीभगत कर परिमार्जन और दाखिल-खारिज में धांधली किए जाने का मुद्दा भी उठाया.
इस मामले पर विधायक वशिष्ठ सिंह ने सीओ श्वेता कुमारी को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जन वितरण प्रणाली और बिजली की समस्याएं भी उठीं
निखिल जय सिंह ने जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया. वहीं, सदस्य राजेंद्र तिवारी ने बिजली विभाग, कृषि विभाग और जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को बैठक में रखा.
बैठक में पशुपालन विभाग, पीएचईडी, आपदा राहत कोष, स्वच्छता समेत कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की गयी.
Also Read : बाढ़ में बेहतर कार्य के लिए दिघवारा के चार पदाधिकारी सम्मानित, DM ने दिया प्रशस्ति पत्र
स्वच्छता योजना में लापरवाही पर सदस्यों ने जताई नाराजगी
कई सदस्यों ने स्वच्छता योजना में लापरवाही की आलोचना करते हुए कहा कि डस्टबिन और ठेले सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं. विभा पटेल ने कहा कि अन्य विभागों में भी अधिकतर कार्य कागजों तक सीमित हैं. कार्यस्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड तक नहीं लगाए गए हैं और धरातल पर भी ठोस काम नजर नहीं आ रहा है.
सदस्यों ने संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समस्याओं के समाधान की जरूरत पर जोर दिया.
अगली बैठक में कार्रवाई की होगी समीक्षा
बैठक के बाद तय किया गया कि अगली बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर की गयी कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी. समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की जाएगी.
इससे पूर्व समिति के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह ने विधायक वशिष्ठ सिंह को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया.
Also Read : सारण के भगवान बाजार-सत्यनारायण मंदिर सड़क पर छोड़ा गड्ढा, रोज हो रहे हादसे, नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल
अधिकारी और समिति के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में बीडीओ प्रतीक कुमार, सीओ श्वेता कुमारी, बीईओ सुरभि राज, बीसीओ कुणाल कुमार, एलईओ शैलेंद्र कुमार, बिजली विभाग के सहायक अभियंता अमन कुमार, स्वच्छता समन्वयक सुनील कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार, पीओ शैलेंद्र कुमार सहित सदस्य गोविंद कुमार, धनंजय शर्मा और प्रखंड बीस सूत्री के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
Also Read : बाढ़ में बेहतर कार्य के लिए दिघवारा के चार पदाधिकारी सम्मानित, DM ने दिया प्रशस्ति पत्र
