बस पड़ाव 53.85 लाख में नीलाम, मछली मंडी को नहीं मिला खरीदार

नगर निगम के चार सैरातों की हुई बंदोबस्ती, फल सब्जी की सैरात पर 10.52 लाख की लगी बोली, मुर्गा-अंडा-मांस का सैरात 2.98 लाख में नीलाम, वसूली में बोलीदाता को हो सकता है नुकसान

सासाराम नगर.

नगर निगम ने 12 सैरातों की बंदोबस्ती के लिए आवेदन निकाला था. गुरुवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त विकास कुमार की अध्यक्षता में सैरातों की बंदोबस्ती हुई, जिसमें चार सैरातों के लिए सफल बोली लगी. बस पड़ाव पर सर्वाधिक 53.85 लाख रुपये की बोली लगी, तो वहीं मछली मंडी सहित करीब आठ सैरातों पर बोली लगाने वाला कोई नहीं मिला. बस पड़ाव की बोली की शुरुआत 45.17 लाख रुपये से शुरू हुई थी. सफल बोलीदाता बेचन सिंह बनें, जिन्हें यह सैरात एक वर्ष के लिए बंदोबस्त किया गया. इसके अलावा फल सब्जी, ईंट-गिट्टी-बालू और मुर्गा-अंडा-मांस सैरात के लिए सफल बोली लगी. फल सब्जी सैरात (गोला बाजार, अमरा तालाब व बस पड़ाव छोड़कर) के लिए सबसे ऊंची बोली 10.52 लाख रुपये लगी. इसे अतुल कुमार को बंदोबस्त किया गया है. हालांकि इसपर बोली की शुरुआत 4.86 लाख रुपये से शुरू हुई थी. वहीं, ईंट-गिट्टी-बालू के सफल बोलीदाता राजेश कुमार बने हैं. इन्होंने 5.24 लाख रुपये बोली लगाकर यह सैरात अपने नाम किया है. वहीं, मुर्गा-अंडा-मांस सैरात की बोली 2.98 लाख रुपये तुषार ने लगाया, जो सफल बोलीदाता घोषित किये गये. हालांकि इस सैरात को लेनेवाले बंदोबस्तधारी को नुकसान उठाना पड़ सकता है. नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने पत्र लिखकर बिना लाइसेंस के संचालित मांस-मछली और मुर्गा के दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद से पुरे नगर निगम क्षेत्र में इसको लेकर कार्रवाई चल रही है. फिलहाल उन्हें इसकी जानकारी दी जा रही है. उसके बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई भी शुरू होगी. ऐसे में जबतक इनको व्यवस्थित नहीं किया जाता है. तब तक इस सैरात से वसूली मुश्किल हो सकती है.

चिह्नित स्थलों पर होगी वसूली:

नगर निगम ने सैरातों के लिए निकाले गये बोली प्रक्रिया में यह स्पष्ट किया है कि टैक्स की वसूली चिह्नित स्थलों पर होगी. बसों, ऑटो और टोटो से वसूली के लिए अलग-अलग स्थल चिह्नित किये गये हैं. बसों से वसूली स्टैंड में होगी. वहीं इ-रिक्शा, ऑटो और जीप से काली स्थान, पुराना बस स्टैंड के बाहर दोनों तरफ, बहादुर पेट्रोल पंप से धर्मशाला रोड तक, नया बस पड़ाव गेट के दोनों तरफ, आनंदी सिनेमा व एसबीआइ के दोनों तरफ, रौजा रोड में डॉ गीता वर्मा व सदर अस्पताल गेट के पास और रेलवे स्टेशन के पूरब शौचालय तक टैक्स वसूली होगी. वहीं ईंट-गिट्टी-बालू की वसूली भी हर जगह नहीं करने का निर्देश स्पष्ट दिया गया है. टॉल की वसूली वहीं की जायेगी, जहां लोडिंग और अनलोडिंग हो रही है.

इनके नहीं मिले खरीदार:

मछली मार्केट, छोटा जानवर वधशाला, रिक्शा, ठेला, बैलगाड़ी व टमटम, पुराना बस पड़ाव स्थित सार्वजनिक शौचालय, गोला बाजार, नया बस पड़ाव स्थित सार्वजनिक शौचालय, मवेशी अस्पताल स्थित डिलक्स शौचालय और तकिया बाजार समिति गेट के पास स्थित डिलक्स शौचालय के लिए किसी ने बोली नहीं लगायी. अब इन सैरातों की फिर से बोली आमंत्रित की जायेगी. अगर फिर से कोई बोली नहीं लगाता है, तो फिर नगर निगम टैक्स तहसीलदारों के माध्यम से इसकी वसूली करेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >