सासाराम: बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई, तीन पर एफआईआर, 1.40 लाख से अधिक का जुर्माना

विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूर्यपुरा थाना क्षेत्र में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. इन पर 1.40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Sasaram News : बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान विद्युत विभाग ने सूर्यपुरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. जांच में बिजली की अनियमित खपत और अवैध कनेक्शन से बिजली उपयोग का मामला सामने आने पर संबंधित उपभोक्ताओं पर 1.40 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक दंड भी लगाया गया है.

दो उपभोक्ताओं पर लगाया जुर्माना

विद्युत विभाग के कनीय अभियंता आनंद कुमार ने बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने, बिलिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और बिजली चोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान रतनपट्टी निवासी रविंद्र प्रसाद पर 47,286 रुपये तथा कोसंदा निवासी रामेश्वर सिंह पर 16,328 रुपये का जुर्माना लगाया गया. दोनों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

बिना कनेक्शन बिजली जलाते पकड़ा गया उपभोक्ता

जांच के दौरान रतनपट्टी निवासी बीरबल सिंह बिना वैध विद्युत कनेक्शन के सीधे बिजली का उपयोग करते पकड़े गए. विभाग ने इसे बिजली चोरी मानते हुए उन पर 76,560 रुपये का आर्थिक दंड लगाया और उनके विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करायी.

कार्रवाई जारी रहेगी

कनीय अभियंता ने बताया कि तीनों मामलों में सूर्यपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >