प्रतिनिधि, बिक्रमगंज. बिक्रमगंज स्थित अंजबीत सिंह महाविद्यालय में शनिवार को मनोविज्ञान विभाग के कर्मी हरेंद्र कुमार सिंह को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गयी. 62 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद उन्होंने 35 वर्षों से अधिक समय तक अपनी निष्ठा और समर्पण से संस्थान की सेवा की. विदाई समारोह की अध्यक्षता शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन संघ के सचिव अक्षय कुमार प्यारे ने किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ ओम प्रकाश राम ने हरेंद्र कुमार सिंह को एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित कर्मी के रूप में वर्णित किया. प्रधानाचार्य ने कहा कि “हालांकि मैं कॉलेज में कुछ ही महीने पूर्व आया हूं, परंतु इतने कम समय में भी हरेंद्र की सादगी और समर्पण ने गहरी छाप छोड़ी है. ऐसे कर्मियों की बदौलत ही यह महाविद्यालय वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के अग्रणी कॉलेजों में गिना जाता है.” इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों ने हरेंद्र कुमार सिंह के योगदान की सराहना की और उनके सुखद भविष्य की कामना की. समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार पांडे ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
