धर्म से कानून तक की यात्रा पर मंथन, भारतीय नैतिकता और संवैधानिक मूल्यों पर हुई कार्यशाला

नारायण स्कूल ऑफ लॉ में 'धर्म से कानून तक : भारतीय नैतिकता और कानूनी दर्शन तक की यात्रा' विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न हुई. विशेषज्ञों ने भारतीय नैतिकता और संवैधानिक मूल्यों के संबंधों पर अपने विचार रखे.

Sasaram News : गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण स्कूल ऑफ लॉ के तत्वावधान में गुरुवार को "धर्म से कानून तक : भारतीय नैतिकता और कानूनी दर्शन तक की यात्रा" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में भारतीय नैतिकता, धर्म और आधुनिक संवैधानिक मूल्यों के संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गयी.

धर्म से विकसित हुई आधुनिक कानूनी व्यवस्था : डॉ श्रीप्रकाश पांडेय

मुख्य वक्ता काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तर्कशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरीय प्राध्यापक डॉ श्रीप्रकाश पांडेय ने कहा कि भारतीय दर्शन में नैतिकता और कानून की यात्रा धर्म की अवधारणा से शुरू होकर आधुनिक संविधान और कानूनी प्रणाली तक विकसित हुई है. उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में नैतिकता और कानून को अलग नहीं माना जाता था. दोनों का मूल स्रोत धर्म था, जिसका अर्थ केवल मजहब नहीं बल्कि कर्तव्य, न्याय और सही आचरण से है. उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के आगमन के बाद देश में एकीकृत एवं धर्मनिरपेक्ष कानूनी व्यवस्था लागू हुई, जबकि आज संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत प्राचीन नैतिक मूल्यों की ही आधुनिक अभिव्यक्ति हैं.

विशेषज्ञों ने रखे अपने विचार

कार्यशाला को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ किस्मत कुमार सिंह तथा रांची विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ सविता मिश्रा ने भी संबोधित किया. उन्होंने भारतीय दार्शनिक परंपरा और समकालीन कानूनी व्यवस्था के बीच संबंधों पर अपने विचार साझा किए.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. उद्घाटन सत्र में कुलाधिपति के सलाहकार डॉ महेंद्र कुमार सिंह एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ कुमार आलोक प्रताप ने भी अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम की शुरुआत में नारायण स्कूल ऑफ लॉ के संकायाध्यक्ष डॉ विनोद कुमार सरोज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की विषयवस्तु से प्रतिभागियों को अवगत कराया.

शिक्षक और छात्र रहे उपस्थित

इस अवसर पर सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह, सह-प्राध्यापक डॉ संगीता कुमारी सहित विभाग के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >