डॉक्टरों के ओपीडी बहिष्कार से सासाराम सदर अस्पताल में मरीज परेशान, इलाज के बिना लौटे कई लोग

Sasaram News : सासाराम सदर अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा OPD सेवा का बहिष्कार करने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचे लोग बिना इलाज के ही वापस लौट गए। डॉक्टरों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Sasaram News : डॉक्टरों पर लगातार हो रहे हमलों और सुरक्षा संबंधी मांगों को लेकर बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (भासा) के आह्वान पर बुधवार को रोहतास जिले के सासाराम सदर अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों ने ओपीडी सेवा का बहिष्कार किया. इसके चलते सदर अस्पताल की ओपीडी पूरी तरह बंद रही और इलाज कराने पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

ओपीडी बंद रहने से मरीजों को हुई परेशानी

सदर अस्पताल परिसर में मुख्य प्रवेश द्वार और ओपीडी कक्षों पर ताले लटके दिखाई दिए. वहीं अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर '22 जुलाई को ओपीडी बहिष्कार' संबंधी पोस्टर भी लगाए गए थे. जिले के दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज के लिए पहुंचे कई मरीजों को बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ा. मरीजों ने बताया कि उन्हें चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार की पूर्व जानकारी नहीं थी. सुबह अस्पताल पहुंचने पर पंजीकरण काउंटर बंद मिला, जिससे उन्हें काफी निराशा हुई.

इमरजेंसी सेवा रही सामान्य

सिविल सर्जन ने बताया कि चिकित्सक संगठन द्वारा सांकेतिक कार्य बहिष्कार की सूचना पूर्व में ही प्रशासन को दे दी गई थी. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को असुविधा हुई. उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल की इमरजेंसी सेवा सामान्य रूप से संचालित की गई.

चिकित्सकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग

भासा की प्रमुख मांगों में चिकित्सकों पर हमला करने वालों की शीघ्र गिरफ्तारी, सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में हिंसा रोकने के लिए कठोर कानून लागू करना शामिल है. चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा.

Also Read : सासाराम में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, पांच लोगों पर एफआईआर और 1 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pramod kr srivastav

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >