सासाराम : रात में सदर अस्पताल पहुंचे डीएम, तीनों शिफ्ट का रोस्टर दिखाने का दिया निर्देश

सासाराम सदर अस्पताल में डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने देर रात औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, सफाई और ड्यूटी रोस्टर में सुधार के कड़े निर्देश दिए हैं।

सासाराम सदर. सदर अस्पताल सासाराम की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा शुक्रवार की देर रात अचानक अस्पताल पहुंच गए. डीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और कर्मियों में हलचल मच गई. उन्होंने मॉडल अस्पताल, इमरजेंसी कक्ष, मातृ-शिशु वार्ड समेत विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की भी जानकारी ली.

सदर अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

तीनों शिफ्ट का ड्यूटी रोस्टर दिखाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों की ड्यूटी व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि तीनों शिफ्ट के अनुसार चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर अस्पताल में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए. छुट्टी पर रहने वाले चिकित्सक के स्थान पर ड्यूटी करने वाले चिकित्सक का नाम भी रोस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को यह जानकारी आसानी से मिल सके कि संबंधित शिफ्ट में कौन चिकित्सक ड्यूटी पर हैं.

मरीजों से सीधे जाना इलाज का हाल

डीएम ने निरीक्षण के दौरान मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने मरीजों से इलाज, जांच और दवा मिलने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं है, इसकी भी जानकारी ली. अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को इलाज, जांच और दवा समेत सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया.

अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश

डीएम ने अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और उनके उचित रख-रखाव का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी भी जरूरी दवा के लिए परेशान नहीं होना पड़े.

सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था पर भी सख्ती

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी डीएम ने समीक्षा की. इस संबंध में डीपीएम, जीविका को आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही अस्पताल परिसर में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बीके पुष्कर, स्वास्थ्य प्रबंधक अजय कुमार समेत अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.

ALSO READ : सासाराम की पुरानी जीटी रोड पर जलजमाव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी, आवागमन हुआ मुश्किल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >