Sasaram News : डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा की इकाई रोहतास मिल्क प्रोजेक्ट का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की. डीएम ने डेयरी परिसर में संचालित योजनाओं, दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की कार्ययोजनाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली.
200 बकरियों के पालन के लिए बनेगा केंद्र
निरीक्षण के क्रम में डेहरी स्थित रोहतास मिल्क प्रोजेक्ट परिसर में प्रस्तावित बकरी पालन केंद्र के निर्माण की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी. प्रस्तावित योजना के तहत करीब 200 बकरियों का पालन किया जाना है. इसके साथ ही बकरी के दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की दिशा में भी कार्य किया जाएगा.
पशुपालकों को प्रशिक्षण और सीधे बैंक खाते में भुगतान
डीएम ने पशुपालकों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने उत्पादित दूध का भुगतान डायरेक्ट अकाउंट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे पशुपालकों के बैंक खातों में किए जाने की व्यवस्था की भी जानकारी प्राप्त की. डीएम ने कहा कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को संगठित कर उनकी आय में वृद्धि करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है.
Also Read : सासाराम में फटा सप्लाई पाइप, सड़क किनारे बह रहा पेयजल और जलजमाव से राहगीर परेशान
दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने पर जोर
डीएम ने कहा कि इसके लिए दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन व्यवस्था से जोड़ने और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. उन्होंने डेयरी क्षेत्र से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
30 मीट्रिक टन क्षमता वाले मिल्क पाउडर प्लांट का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले मिल्क पाउडर प्लांट के निर्माण और स्थापना से संबंधित कार्यों का भी डीएम ने जायजा लिया. उन्होंने परियोजना की प्रगति, संयंत्र की उपयोगिता और डेयरी क्षेत्र में इसके संभावित योगदान के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की.
Also Read : सासाराम: व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन अरविंद कुमार सिंह ने किया नामांकन
दूध उत्पादों की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
इसके अलावा पैकेज्ड दूध सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के उत्पादन, पैकेजिंग, गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी. डेयरी परिसर में अपनायी जा रही उत्पादन एवं पैकेजिंग प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों ने डीएम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायी.
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, शाहाबाद दुग्ध संघ के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन, रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट के मुख्य कार्यपालक आनंद अमित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : 42 बिहार बटालियन NCC कैंप में पहुंचे ग्रुप कमांडर, कैडेटों को अनुशासन और प्रशिक्षण की दी सीख
