Sasaram News : एनएच-19 स्थित सुअरा जंक्शन प्वाइंट तथा निर्माणाधीन सासाराम-आरा-पटना फोरलेन परियोजना का जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार को निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मनौरा क्षेत्र में चल रहे सीए एंड जी कार्य की प्रगति का जायजा लिया और परियोजना से जुड़े अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों ने बताया कि रोहतास जिले में फोरलेन परियोजना की कुल लंबाई लगभग 40 किलोमीटर है, जहां विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है.
मशीनरी और कार्यबल बढ़ाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सासाराम परियोजना निदेशक को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए पर्याप्त मशीनरी, आधुनिक उपकरण और अतिरिक्त कार्यबल की तैनाती सुनिश्चित की जाए.
गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. सभी तकनीकी मानकों और निर्धारित गुणवत्ता मानदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने निर्माण स्थल पर श्रमिकों एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया.
समय पर पूरा हो निर्माण कार्य
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और हर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो और लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.
