बिहार पृथ्वी दिवस पर सासाराम के स्कूलों में गूंजा पर्यावरण बचाने का संकल्प, छात्रों ने लिया 11 सूत्री प्रण

बिहार पृथ्वी दिवस पर जिले के स्कूलों में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए 11 सूत्री संकल्प लिया। जानें क्या है यह खास पहल और इसका उद्देश्य।

Rohtas News : बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर रविवार को रोहतास जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये. वन विभाग के निर्देश पर प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा 11 सूत्री संकल्प दिलाया गया. इस दौरान छात्रों ने पौधरोपण से लेकर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने का संकल्प लिया.

हर साल पौधा लगाने और उसकी देखभाल का लिया प्रण

संकल्प कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा व देखभाल करने की बात कही. छात्रों ने तालाब, नदी, पोखर और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा इसके लिए आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया.

पानी बचाने से लेकर वर्षा जल संचयन तक पर जोर

छात्रों ने आवश्यकता के अनुसार ही पानी का इस्तेमाल करने और उपयोग के बाद नल बंद रखने का संकल्प लिया. वर्षा जल संचयन के लिए अपने परिवार और आसपास के लोगों को प्रेरित करने की बात भी कही गयी. इसके साथ ही बिजली का अनावश्यक उपयोग नहीं करने और घर, स्कूल व आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का प्रण लिया गया.

प्लास्टिक छोड़ने और कपड़े के थैले अपनाने का संदेश

संकल्प के तहत छात्रों ने कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में डालने और प्लास्टिक व पॉलीथीन का इस्तेमाल बंद करने की बात कही. इसके स्थान पर कपड़े या कागज के थैले अपनाने और दूसरे लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया गया.

पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की भी करेंगे व्यवस्था

छात्रों ने जीव-जंतुओं और पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम रखने तथा यथासंभव उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लिया. नजदीकी कार्यों के लिए पैदल या साइकिल का इस्तेमाल करने, कागज का अनावश्यक उपयोग नहीं करने और खुले में शौच के बजाय शौचालय का उपयोग करने की बात भी कही गयी.

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को ‘जल-जीवन-हरियाली, तभी होगी खुशहाली’ का संदेश दिया गया. शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण में बच्चों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया.

10 अगस्त को भी छात्रों को दिलाया जायेगा संकल्प

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय के अनुसार जिन स्कूलों में 9 अगस्त को किसी कारण से 11 सूत्री संकल्प नहीं दिलाया जा सका, वहां 10 अगस्त को छात्रों को संकल्प दिलाया जायेगा.

स्कूलों को संकल्प कार्यक्रम की फोटोग्राफी कराने और इसकी सूचना संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को कार्यक्रम का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >