आज से शुरू होगी जिला ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता, 400 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
SASARAM NEWS.रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में होने वाली जिलास्तरीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी पूरी हो चुकी है. प्रतियोगिता 15 से 17 मई तक सासाराम स्थित शांति प्रसाद जैन कॉलेज मैदान में होगी.
आज से शुरू होगी जिला ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता, 400 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन, विजेताओं को मिलेगा पदक व ट्रॉफी
प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस
रोहतास जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में होने वाली जिलास्तरीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी पूरी हो चुकी है. प्रतियोगिता 15 से 17 मई तक सासाराम स्थित शांति प्रसाद जैन कॉलेज मैदान में होगी. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 400 खिलाड़ियों का पंजीयन अब तक हो चुका है. जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विनय कृष्ण ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता के आधार पर ही राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला टीम का चयन किया जायेगा. आगामी राज्यस्तरीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 से 15 जून तक संभावित है. संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी और शांति प्रसाद जैन कॉलेज के प्राचार्य करेंगे. इस अवसर पर जिला संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तकनीकी पदाधिकारियों की टीम गठित की गयी है. इसमें कुश कुमार त्रिपाठी, रानू कुमार सिंह, सतेंद्र कुमार, राणा प्रताप सिंह, उपेंद्र कुमार, अंतिम राज, अखिलेश कुमार, राकेश कुमार राय, हरेंद्र कुमार, करण कुमार, सुरेंद्र कुमार, शशि रंजन, राकेश वर्मा, नीरज कुमार, नरेंद्र यादव सहित कई शारीरिक शिक्षक एवं तकनीकी पदाधिकारी शामिल हैं.
अंडर-12 से सीनियर वर्ग तक होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में अंडर-12, 14,16, 18, अंडर-20 और सीनियर वर्ग के बालक व बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता में 60 मीटर, 100 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, गोला फेंक व जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी.
प्रथम दिन 15 मई को होगा मार्च पास्ट व मशाल दौड़
प्रतियोगिता के पहले दिन 15 मई को सुबह आठ बजे खिलाड़ियों का एकत्रीकरण होगा. इसके बाद मुख्य अतिथि का आगमन, स्वागत, मार्च पास्ट, मशाल दौड़, शपथ ग्रहण और गुब्बारा उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जायेगा. पहले दिन अंडर-16 बालक-बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़, ट्रायथलॉन वर्ग की प्रतियोगिताएं, लॉन्ग जंप, 60 मीटर दौड़, शॉटपुट, हाई जंप, 400 मीटर दौड़ और 1500 मीटर की दौड़ आयोजित होगी. इसके अलावा महिला एवं पुरुष वर्ग की लॉन्ग जंप और शॉटपुट प्रतियोगिता भी करायी जायेगी.
16 मई दूसरे दिन होंगे 100 से 5000 मीटर तक के मुकाबले
16 मई को प्रतियोगिता के दूसरे दिन 60 मीटर, 100 मीटर, 800 मीटर, 1000 मीटर, लॉन्ग जंप, हाई जंप, बैक एंड शॉटपुट थ्रो और जैवलिन थ्रो की स्पर्धाएं आयोजित होंगी. शाम में 5000 मीटर दौड़ का आयोजन किया जायेगा.
17 मई को होगा समापन व पुरस्कार वितरण
17 मई को प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को हाई जंप, 400 मीटर, जैवलिन थ्रो, 60 मीटर और 100 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले आयोजित किये जायेंगे. इसके बाद समापन समारोह व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को पदक व प्रमाणपत्र प्रदान किये जायेंगे. साथ ही ग्रुप चैंपियन टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.