Sasaram News : गुप्ताधाम में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन माह की पहली सोमवारी पर प्रसिद्ध गुप्ताधाम में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया.

चेनारी. सावन माह की पहली सोमवारी पर प्रसिद्ध गुप्ताधाम में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. इस दौरान भोले के भक्तों की आवाजाही से कैमूर की वादियों में सुंदरता के चार चांद लगे. बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है आदि जयघोष से संपूर्ण कैमूर पहाड़ी गूंज रही है. रविवार की आधी रात के बाद दो बजे से गुफा में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पवित्र अद्भुत शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. भक्तों के जयकारा से कैमूर पहाड़ी गूंज उठा. चारों तरफ बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है, गूंज रहा है. सुबह से ही गुफा द्वार पर हाथों में जल बेलपत्र व प्रसाद लिए हजारों लोग शिव के दर्शन के लिए बेताब थे. गुप्ताधाम विकास कमेटी व पुलिस प्रशासन के लोगों द्वारा उन्हें कतारबद्ध करा कर भगवान शिव का दर्शन कराया गया. पहली सोमवारी को सुहाने मौसम में श्रद्धालु मौज मस्ती करते नजर आये. कोई पहाड़ किनारे पेड़-पौधे के सहारे अपना पंडाल लगाकर परिवार के साथ आराम कर रहा था, तो कोई नदी किनारे की सुंदरता का लुत्फ उठा रहा था. विभिन्न झरने, पहाड़, नदी की अद्भूत सुंदरता देख श्रद्धालु मंत्रमुग्ध थे. गुप्ताधाम में सावन मास में भव्य मेला लगा है. मुखिया सह विकास कमेटी के सदस्य ज्ञानचंद सिंह ने बताया कि भारी संख्या में स्वयंसेवकों को तैयार किया गया है. जिला प्रशासन द्वारा भी भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. गौरतलब है कि रविवार की रात तीन बजे के बाद ही गुफा में ऑक्सीजन गैस की प्रचुर मात्रा में व्यवस्था की गयी थी. हालांकि कमेटी के सदस्य गोपाल सिंह खरवार ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी पर 50 से 60000 से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया है. वहीं, लगभग 20 से 30 हजार श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए धाम परिषद व आसपास के जंगलों में मौजूद हैं. ऑक्सीजन की व्यवस्था कमेटी द्वारा की गयी है, अभी स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक भी ऑक्सीजन सिलिंडर नहीं दिया गया है. विभिन्न प्रदेशों से पहुंचते हैं श्रद्धालु:- गुप्ताधाम मेले में यूपी, बिहार, झारखंड, ओड़िशा, मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचे थे. उगहनी घाट के समीप और मां पनारी देवी परिसर में भक्तों के वाहनों की लंबी कतार लगी नजर आयी. श्रद्धालुओं ने बताया कि सभी श्रद्धालु वाहन खड़ा कर पैदल ही पहाड़ चढ़े हैं. जबकि, दुर्गावती जलाशय परियोजना से भारी संख्या में बाइक से जंगल में पहुंचे हुए थे. डीएम के निर्देश पर धाम परिषद में पहुंचे स्वास्थ्यकर्मी:- डीएम उदीता सिंह अपने पूरे परिवार और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बीते दिन रविवार को गुप्ताधाम जाकर बाबा गुप्तेश्वर नाथ के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया. इस दौरान वहां की विधि व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली थी. इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अविनाश सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार की सुबह में दो एंबुलेंस स्वास्थ्य कर्मी दवा के साथ भेजा गया है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए जिला चिकित्सा पदाधिकारी को उन्होंने दिशा-निर्देश भी दिये. सोमवार को ही स्वास्थ्य विभाग की दो एंबुलेंस टीम दवाओं के साथ धाम परिषद पहुंची और श्रद्धालुओं के बीच जरूरत के हिसाब से दवा वितरित की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >